मस्जिद के समीप रामभक्तों ने मानव श्रृंखला बनाकर पेश की एकता की अनूठी मिसाल
बारसोई. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर बारसोई में निकली भव्य शोभायात्रा ने आस्था, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द की अद्भुत मिसाल पेश की. पूरे नगर में जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष के बीच हजारों श्रद्धालु इस पावन आयोजन में शामिल हुए. शोभायात्रा का शुभारंभ पीडब्ल्यूडी मैदान से प्रातः 10:00 बजे हुआ, जो रास चौक, जैन मंदिर रोड, बड़ी दुर्गा मंदिर, पोस्ट ऑफिस रोड, मस्जिद चौक, शहीद शुभम चौक, ब्लॉक रोड होते हुए राधा रानी नगर मौलानापुर तक पहुंची. इसके बाद यात्रा पुनः भाग बारसोई, शहीद शुभम नगर मार्ग, निमतल्ला चौक से होते हुए पीडब्ल्यूडी मैदान में आकर संपन्न हुई. जहां श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गयी थी. शोभायात्रा की सबसे खास और प्रेरणादायक तस्वीर उस समय सामने आई, जब यात्रा मस्जिद के समीप पहुंची. वहां सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए रामभक्तों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनाई और अनुशासन का परिचय दिया. इस दृश्य ने सामाजिक एकता और आपसी भाइचारे का सशक्त संदेश दिया. शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. इस आयोजन में रामनवमी शोभायात्रा समिति, बारसोई के अध्यक्ष राजेश पासवान, सचिव आनंद गुप्ता, कोषाध्यक्ष अभिषेक साह सहित सागर साह, गौतम महतो, विवेक भगत, सनातन दास, सूरज महलदार, आयुष दास, सौरव यादव आदि सक्रिय रूप से मौजूद रहे. शोभायात्रा में मुख्य रूप से विधायक संगीता देवी, राजेश साह उर्फ मिठू, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह, विधायक प्रतिनिधि सागर साह, विधायक निजी सहायक रोहन महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.वहीं प्रशासनिक स्तर पर एसडीएम राजू कुमार, एसडीपीओ अजय कुमार, बीडीओ चंदन प्रसाद, थाना अध्यक्ष उमेश कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. जिससे पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया.
