कोढ़ा थाना क्षेत्र के गेड़ाबाड़ी बाजार में गुरुवार को सड़क हादसे में 35 वर्षीय अनुराग कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये. अनुराग सड़क किनारे खड़े थे तभी एक तेज़ रफ्तार चार चक्का वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और बेहोश हो गया. टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटे और घायल को तत्परता से उठाकर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया. अभी तक टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस को इस हादसे की सूचना दे दी गयी है. अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है. घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया. लोगों ने बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की भी मांग की. कोढ़ा थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. ताकि आरोपित वाहन चालक की पहचान की जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
