– बैठक में सहयोग के लिए शिक्षा, आईसीडीएस व जीविका के अधिकारियों को निर्देश कटिहार जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय वेश्म में सिविल सर्जन व संबंधित पदाधिकारी के साथ एचपीवी टीकाकरण को लेकर समीक्षात्मक बैठक की. बैठक में जानकारी दी गयी कि सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी का कैंसर) एक गंभीर बीमारी है जिसका मुख्य कारण ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) है. इससे बचाव के लिए भारत सरकार के निर्देश के आलोक में 28 फरवरी 2026 से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की एक मात्रा निःशुल्क लगायी जा रही है. यह टीकाकरण केवल उन्हीं बालिकाओं को किया जायेगा. जिन्हें पहले कोई एचपीवी वैक्सीन नहीं लगी है. डीएम ने कहा कि शिक्षा विभाग जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों व मदरसों में अध्ययनरत 14 वर्ष पूर्ण एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाय. बैठक में एचपीवी टीकाकरण के लाभों की जानकारी दी जाय.स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सहयोग करेंगे. टीकाकरण के लिए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान की तिथि जानकारी दें. प्रत्येक स्कूल में एक नोडल शिक्षक नामित किया करें. डीएम ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं. इस टीकाकरण को सफल बनाने के लिए डीएम ने शिक्षा विभाग, आईसीडीएस एवं जीविका को सहयोग करने का भी निदेश दिया. ताकि स्कूल के समय स्कूल में टीका लगाया जाय और बाकी समय घर-घर जाकर के उनके अभिभावकों से बात करके टीकाकरण लगाने का कार्य सुनिश्चित करेंगे और इनका प्रत्येक दिन का रिपोर्ट जिला मुख्यालय भी भेजना सुनिश्चित करेंगे. बैठक में अपर समाहर्ता बिनोद कुमार, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ जितेंद्रनाथ एवं संबंधित पदाधिकारी के अलावे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी जुड़े थे.
निर्धारित आयुवर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाएं
निर्धारित आयुवर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाएं
