– थाना हाजत में मृत युवक की पत्नी के आवेदन पर यूडी केस दर्ज फलका फलका थाना में शनिवार को हुए बवाल के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं. आक्रोशित भीड़ द्वारा थाना परिसर में तोड़फोड़, पुलिस बल के साथ मारपीट, राइफल छीनने तथा सड़क जाम करने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने दर्ज कांड संख्या 61/26 में पोठिया थाना के पुलिसकर्मी संजीव रंजन के साथ मारपीट और उनकी राइफल छीनने के आरोप में मोनू यादव बजराहा एवं दिवाकर यादव लक्ष्मीपुर को नामजद अभियुक्त बनाया है. दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इसी कांड संख्या 61/26 के अंतर्गत सड़क जाम और तोड़फोड़ मामले में प्रभात कुमार हरदा, पूर्णिया, राकेश कुमार लीला, पूर्णिया, रोशन कुमार लीला, पूर्णिया तथा अभिमन्यु कुमार लीला को अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी आरोपितों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. कांड संख्या 62/26 दंगाई मामले में संजय मंडल सहित पांच लोगों को अभियुक्त बनाया गया है. इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इधर, मृतक की पत्नी के आवेदन पर यूडी केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए फलका थाना परिसर एवं आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. डीएसपी सदर-2 स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और माहौल शांतिपूर्ण बताया जा रहा है.
फलका थाना में तोड़फोड़, मारपीट व राइफल छीनने मामले में तीन अलग-अलग केस दर्ज
फलका थाना में तोड़फोड़, मारपीट व राइफल छीनने मामले में तीन अलग-अलग केस दर्ज
