पूर्णिया में पीएम के कार्यक्रम में कटिहार से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल

पूर्णिया में पीएम के कार्यक्रम में कटिहार से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल

कटिहार पूर्णिया में 15 सितंबर को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर एनडीए गठबंधन पूरी तरह सक्रिय है. कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिलावार आमंत्रण सभाओं का सिलसिला लगातार जारी है. इसी कड़ी में शुक्रवार को कटिहार शहर के टाउन हॉल में एनडीए की ओर से भव्य आमंत्रण सभा का आयोजन किया गया. सभा में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी ने माहौल को राजनीतिक रंग दे दिया. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे. नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं और आमलोगों से 15 सितंबर को पूर्णिया में होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने की. मंच संचालन का जिम्मा जदयू के जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय ने संभाला. सभा में नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा सिर्फ पूर्णिया ही नहीं, बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा. मोदी सरकार ने विकास और सुशासन के जिस मॉडल को देशभर में लागू किया है. उसका लाभ सीमांचल तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा. जदयू राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि एनडीए का लक्ष्य सीमांचल के विकास को नई गति देना है. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में यह क्षेत्र प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा. मंत्री लेसी सिंह ने महिलाओं और युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री का स्वागत करें. एनडीए नेताओं ने एक स्वर में कहा कि पूर्णिया की धरती पर प्रधानमंत्री मोदी का आगमन पूरे सीमांचल के लिए गौरव का विषय है. इस अवसर को यादगार बनाने के लिए हर बूथ और हर पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है. नेताओं ने भरोसा जताया कि पूर्णिया की आमसभा में उमड़ने वाली भीड़ एनडीए की मजबूती और जनसमर्थन का नया संदेश देगी. इस अवसर पर सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, बरारी विधायक विजय सिंह, कोढा विधायक कविता पासवान, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, डॉ अहमद अशफाक करीम, मेयर उषा देवी अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, पूर्व मंत्री निखिल चौधरी, पूर्व सांसद दुलालचंद गोस्वामी, लोजपा जिला अध्यक्ष संगीता देवी, हम जिला अध्यक्ष दीपक ऋषि, आरएलएम जिला अध्यक्ष उमाकांत आनंद, सूर्य देव मंडल, भाजपा के वरिष्ठ नेता राम यादव के अलावा बड़ी संख्या में एनडीए के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >