हसनगंज प्रखंड सभागार में शुक्रवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम की सफलता को लेकर प्रशिक्षण दिया गया. मौके पर प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी स्नेह लता ने बतायी की 16 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम होगा. 19 सितंबर को अभियान का माॅक अप राउंड होगा.बताई की एक से पांच वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी सेविका द्वारा कृमि की दवा एल्बेंडाजोल की खुराक खिलानी है. छह वर्ष से अधिक उम्र के बच्चे, किशोर एवं 19 वर्ष तक के युवाओं को संबंधित विद्यालयों में एल्बेंडाजोल की खुराक खिलानी है. प्रशिक्षण में आंगनबाड़ी सेविकाओं को दबा के खुराक की मात्रा, खुराक खिलाने में बरती जाने वाली सावधानी आदि को लेकर निर्देशित किया गया. एक से दो साल के बच्चों को आधी गोली और 2 से 6 साल के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर खिलाई जायेगी. सरकार की यह महत्वकांक्षी योजना है. सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलानी है. एल्बेंडाजोल की गोली से बच्चों में खून की कमी, एनीमिया, कुपोषण जैसी समस्याएं दूर होंगी. यह भूख ना लगने, पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसी परेशानियों से भी राहत दिलायेगी. गैर पंजीकृत और स्कूल में नामांकन ना होने वाले बच्चों को भी सेविकाएं यह दावा खिलायेंगी. महिला पर्यवेक्षिका पार्वती कुमारी सहित आंगनबाड़ी सेविकाएं आदि मौजूद रहीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
