डंडखोरा. कटिहार जिला के डंडखोरा प्रखंड अंतर्गत डंडखोरा पंचायत अंतर्गत बांका चौक मुख्यमंत्री सड़क से नयाटोला गांव होते हुए इटवा घाट प्रधानमंत्री सड़क को जोड़ने वाली लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी ईंट सोलिंग सड़क पूरी तरह जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गयी है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं राहगीरों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीण दिलीप सोरेन, हरदेव सोरेन, ताल्लु हांसदा, सुरेंद्र सुरेन ने बताया कि वर्षों पूर्व बनी यह सड़क अब जगह-जगह टूट चुकी है. बरसात के दिनों में सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे आवागमन और भी कठिन हो जाता है. कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया. लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. ग्रामीणों में इसको लेकर काफी आक्रोश है. उनका कहना है कि सांसद, विधायक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
डंडखोरा बांका चौक से इटवा घाट तक जाने वाली सड़क बदहाल

डंडखोरा बांका चौक से इटवा घाट तक जाने वाली सड़क बदहाल
Copied link
इटवा घाट प्रधानमंत्री सड़क को जोड़ने वाली लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी ईंट सोलिंग सड़क पूरी तरह जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गयी है.