– नहीं हुई ट्रेन ठहराव की मांग पूरी आजमनगर बारसोई-कुमेदपुर रेलखंड के बीच स्थित खुरियाल रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को लेकर उठी मांगों को रेल मंत्रालय ने नजरअंदाज किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. 31 अगस्त 2025 को रेल मंत्रालय को भेजे गए मांग पत्र में प्राणपुर विधायक निशा सिंह ने खुरियाल रेलवे स्टेशन पर राधिकापुर एक्सप्रेस 13145/13146 और अवध-असम एक्सप्रेस 15909/15918 के ठहराव की मांग की थी. खुरियाल के स्थानीय ग्रामीणों में समाजसेवियों ने गरीब नवाज एक्सप्रेस 15715/15716 के ठहराव की भी मांग रखी थी. रेल मंत्रालय ने उसी मांग पत्र में शामिल सलमारी, लाभा और प्राणपुर रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी. खुरियाल रेलवे स्टेशन को पूरी तरह दरकिनार कर दिया. खुरियाल और आसपास के इलाकों के लोगों में आक्रोश है. वे इसे रेल मंत्रालय का सौतेला रवैया बता रहे हैं. कटिहार सांसद तारिक अनवर ने भी 4 अक्तूबर 2025 को खुरियाल स्टेशन पर अवध-असम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रेल मंत्रालय से की थी. लेकिन इस मांग पत्र पर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि खुरियाल स्टेशन से बड़ी संख्या में यात्री रोजाना सफर करते हैं. ट्रेन नहीं रहने के कारण अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़ना पड़ता है. बावजूद इसके यहां किसी भी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं होना क्षेत्र के विकास में बाधा बन रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
