– बरसात में इस वर्ष भी लोगों को उठानी पड़ेगी परेशानी कदवा प्रखंड के धनगामा पंचायत स्थित लालजी धार पर दशकों की प्रतीक्षा के बाद पिछले वर्ष 5.20 करोड़ की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू किया. फरवरी 2025 में पुल निर्माण का कार्य पुरा हो जाना था. पर तीन माह के करीब अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुल निर्माण कार्य आधा अूरा पड़ा है. पुल निर्माण कार्य शुरू होने से धनगामा सहित अगल बगल के अन्य पंचायत वासियों में खुशी की लहर थी. आजादी के इतने वर्ष बीत जाने के बाद से लोग वहां पुल निर्माण की मांग करते आ रहे थे. लेकिन उक्त दशकों में लोगों को जनप्रतिनिधियों के द्वारा आश्वासन ही दिया जा रहा था. लालजी धार में पुल के अभाव में बाढ़ व बरसात के वक्त पंचायत दो भागों में बंट जाता है. वर्ष में चार माह लोगों को नाव की सवारी करनी पड़ती है. यहां तक कि क्षेत्र के लोगों को बाजार, पंचायत भवन, प्रखंड मुख्यालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने के लिये काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कई बार तो लालजी नदी में नाव दुर्घटना भी हुई है. लेकिन फरवरी 2024 में लगभग पांच करोड़ 29 से वहां उच्च स्तरीय पुल निर्माण का शिलान्यास भी किया गया था. जिसे फरवरी 2025 तक पूर्ण किया जाना था. पुल निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोग काफी खुश नजर आ रहे थे. लेकिन संवेदक के कार्य में सुस्त रवैये से इस वर्ष भी लोगो को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा. कदवा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है. यहां जून के महीने से ही बाढ़ का प्रकोप शुरू हो जाता है. क्षेत्र के लोगों ने संवेदक के सुस्त रवैये पर नाराजगी जाहिर किया है. जदयू जिला महासचिव अंजार आलम, भाजपा नेता चमरू भगत, सतीश बोसक, सिकचल साह सहित कई लोगों ने प्रसाशन से इस दिशा में समुचित कार्रवाई करने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
