कटिहार चलती राजधानी ट्रेन में सफर कर रही एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि परिजनों के होश उड़ गये. कटिहार रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस की तत्परता और समय पर इलाज मिलने से महिला की जान बच गई. असम के सिलचर की रहने वाली रीता डे अपने पति रतन डे और बेटी के साथ दिल्ली से वापस घर लौट रही थी. वे डिब्रूगढ़ राजधानी ट्रेन से सफर कर रहे थे. इसी दौरान कटिहार पहुंचने से दो स्टेशन पहले रीता डे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी हालत तेजी से गंभीर होती चली गई. पत्नी की बिगड़ती हालत देख पति रतन डे काफी घबरा गए और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें. जैसे ही ट्रेन कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची. उन्होंने वहां मौजूद रेल पुलिस से मदद की गुहार लगाई. रेल पुलिस ने बिना देर किए तत्परता दिखाते हुए महिला को एसी कोच से उतारा और तत्काल इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में महिला का इलाज शुरू किया गया. जिससे उनकी हालत में सुधार आया और उनकी जान बच सकी. महिला के पति रतन डे ने रेल पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर समय पर मदद नहीं मिलती, तो उनकी पत्नी की जान जा सकती थी. रीता डे का इलाज सदर अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में जारी है. स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है. एक बार फिर साबित कर दिया कि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और समन्वय से बड़ी से बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है.
चलती राजधानी ट्रेन में बिगड़ी महिला की हालत
चलती राजधानी ट्रेन में बिगड़ी महिला की हालत
