आजमनगर थाना क्षेत्र के आलमपुर पंचायत की काजीपुरा गांव में मंगलवार को नवविवाहिता की संदेहास्पद स्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान साहेबन खातुन 20 वर्ष, पति जाकिर आलम के रूप में की गयी है. मृतका की मौत आत्महत्या से जुड़ी बताई जा रही है. हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. ग्रामीणों के अनुसार मृतका के पति जाकिर आलम रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहते थे. घर में साहेबन खातुन अपनी सास के साथ रहती थी. घटना के समय भी पति घर पर मौजूद नहीं थे. बताया जा रहा है कि घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं है. घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
