विद्युत चोरी पर मामले में नौ लोगों पर मुकदमा, 27 हजार 517 रुपये का लगा जुर्माना
बारसोई के आबादपुर विद्युत प्रशाखा क्षेत्र में सघन छापेमारी कर नौ लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी का मामला दर्ज कराया गया है.
By RAJKISHOR K | Updated at :
मेन एलटी लाइन से अवैध कनेक्शन लेकर कर रहे थे बिजली का उपयोग
बारसोई. विद्युत विभाग की ओर से बिजली चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बारसोई के आबादपुर विद्युत प्रशाखा क्षेत्र में सघन छापेमारी कर नौ लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी का मामला दर्ज कराया गया है. इस कार्रवाई में कुल 27 हजार 517 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. विद्युत अभियंता आफताब अंसारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल द्वारा विभिन्न पंचायतों में जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान कई लोगों को मेन एलटी लाइन में अनाधिकृत रूप से तार जोड़कर बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया. इसके बाद सभी आरोपितों के विरुद्ध आबादपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. उन्होंने बताया कि हरनारोई पंचायत के हरनारोई गांव निवासी अजीजुल हक पर 10 हजार 383 रुपये, बारिओल गांव के सलाउद्दीन पर 2 हजार 546 रुपये तथा अलैदा खातून पर 2 हजार 546 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इसी पंचायत के चरखोरा गांव के रुहुल अली, मनिफा खातून, दुलाल राय व दिलगिर पर 2 हजार 7-2 हजार 7 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. नलसर पंचायत के नयाटोला नलसर निवासी शहनाज परवीन पर 2 हजार 7 रुपये तथा चापाखोर पंचायत के चापाखोर गांव निवासी सुलेमान पर भी 2 हजार 7 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है. विद्युत अभियंता ने बताया कि इन सभी उपभोक्ताओं के ऊपर पहले से बिजली बिल बकाया था. जिसके कारण विभाग द्वारा उनका विद्युत कनेक्शन काट दिया गया था. इसके बावजूद सभी लोग मेन एलटी लाइन में अवैध रूप से तार जोड़कर बिजली का उपयोग कर रहे थे. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि विद्युत चोरी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी. विभाग द्वारा आगे भी ऐसे लोगों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जायेगी.