एससीईआरटी निदेशक ने डीईओ व डीपीओ को दिया निर्देश
कटिहार. अब प्राथमिक व प्रारंभिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पाठ सूची के माध्यम के अनुसार करायी जायेगी. इससे कक्षा में पढ़ाये जाने वाले विषयों का पाठ समय से पूरा हो सकेगा और परीक्षा से पूर्व छात्रों को पाठ दोहराने का मौका भी मिल सकेगा. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक सज्जन आर ने कटिहार सहित सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) को दिशा निर्देश दिया है. निदेशक एससीईआरटी की ओर से जारी दिशा निर्देश में कहा गया है कि सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा एक से आठ तक के लिए निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करायी गयी है. पाठ्य पुस्तक के प्रारंभ में विषय वस्तु के अन्तर्गत माहवार पढ़ाई जाने वाली पाठ-सूची अंकित है. उसके अनुसार ही शिक्षक पाठ्य योजना तैयार कर पठन-पाठन करना सुनिश्चित करेंगे. साथ ही उसके अनुसार मासिक, त्रैमासिक, अर्द्धवार्षिक, वार्षिक जांच परीक्षा भी आयोजित की जायेगी. निदेशक की ओर से जारी दिशा निर्देश में कहा गया है कि कक्षा एक से कक्षा आठ तक के विभिन्न विषयों से संबंधित पाठ्य पुस्तकों की पाठ-सूची का मुद्रित कर संबंधित कक्षा के दीवारों तथा विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर चिपकाया जाय. ताकि सभी हितधारक यथा शिक्षक, बच्चे, अभिभावक, शिक्षा पदाधिकारी आदि यह पता कर सके कि किस माह में बच्चों को कौन-कौन से पाठ पढ़ाया सिखाया जाना है.परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश
एससीईआरटी के निदेशक की ओर से जारी दिशा निर्देश में परीक्षा को लेकर भी एक कैलेंडर घोषित किया है. इसके अनुसार जून 2025 के अंतिम सप्ताह में प्रथम त्रैमासिक जांच परीक्षा आयोजित की जायेगी. जबकि सितंबर के अंतिम सप्ताह में अर्द्धवार्षिक जांच परीक्षा, दिसंबर के तृतीय सप्ताह में द्वितीय त्रैमासिक जांच परीक्षा तथा मार्च 2026 के द्वितीय या तृतीय सप्ताह में वार्षिक परीक्षा संभावित है. इसके अतिरिक्त शेष अन्य सभी माह के अंत में मासिक जांच परीक्षा भी ली जायेगी. उन्होंने यह निर्देश तत्काल सभी विद्यालयों को उपलब्ध कराने का आदेश दिया है. उल्लेखनीय है कि राज्य मुख्यालय को लगातार ऐसी शिकायत मिल रही थी कि बच्चों की हर महीने परीक्षा तो ली जाती है, पर उनका सिलेबस समय से पूरा नहीं हो पाता है. छात्र-छात्राएं अधूरी तैयारी के साथ परीक्षा में सम्मिलित होते है. इसके बाद एससीईआरटी की ओर से यह निर्णय लिया गया है कि अब स्कूलों में शिक्षकों को पाठ सूची के आधार पर तय समय- सीमा के अंदर संबंधित पाठ कक्षा में पूरा कराना होगा.रिवीजन के बाद ली जायेगी परीक्षा
एससीईआरटी निदेशक ने अपने दिशा-निर्देश में यह भी कहा है कि अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में कक्षा दो से आठ तक के सभी छात्रों के लिए माह अप्रैल 2025 में रिवीजन कक्षा चलायी जायेगी. जिसमें पिछली कक्षा के सिलेबस का रिवीजन कराया जायेगा. अप्रैल माह के अंत में रिवीजन कार्य की परीक्षा ली जायेगी. प्रश्नपत्र ई-शिक्षा कोष के माध्यम से सभी विद्यालयों को उपलब्ध कराया जायेगा. सभी विद्यालय रिवीजन के पश्चात अप्रैल से जून तक का पाठ्यक्रम के अनुसार पठन-पाठन का कार्य प्रथम त्रैमासिक परीक्षा के पूर्व करना सुनिश्चित करेंगे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
