कटिहार. शहर के टीवी टावर निवासी मृतक सोनू झा के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया. जिसके कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका और शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया. सोमवार की सुबह सोनू झा ने टीवी टावर मोहल्ला स्थित अपने आवास में गले में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली थी. घटना की जानकारी मिलते ही सहायक थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी. पुलिस उक्त मामले में कागजी कार्रवाई करती तो इस बीच परिजनों ने यह कहकर बात टाल दिया कि जब तक उसके सभी रिश्तेदार सगे संबंधी नहीं आ जाते हैं, तब तक किसी प्रकार की कागजी कार्रवाई नहीं होगी. घटना की सूचना मिलते ही सभी संबंधी व रिश्तेदार पहुंचे. उसके बाद सभी ने यह निर्णय लिया कि शव का दाह संस्कार किया जाय. सहायक थाना पुलिस बारबार उन लोगों से पोस्टमार्टम कराने की बात कहते रहे. लेकिन परिजन बात को टालते रहे. अंततः परिजनों ने सीधे तौर पर पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया.
सोनू के आत्महत्या के बाद पनपेंगे छोटे-छोटे भू-माफिया गिरोह
सोनू के जमीन का कारोबार कटिहार, पूर्णिया से अररिया तक फैला हुआ है. विवादित भूमि को खरीद कर उसको विवाद को खत्म कर उस जमीन की बिक्री कर दिया करता था. जिससे एक जमीन के प्लाट पर उसे करोड़ों रुपये का मुनाफा होता था. सोनू के पास अधिकांश विवादित जमीन ही था. कटिहार-पूर्णिया फोरलेन की बात की जाए तो, तकरीबन एक दर्जन प्लॉट वह और उसके सहयोगी ने घेराबंदी कर रखा था, जिसमें कुछ प्लॉट की बिक्री हो गयी, तो कुछ बच गया है. यह सभी प्लॉट एक-दो कट्ठे का नहीं, अपितु 10 से 20 कट्ठे का प्लॉट है. अब सोनू ने जब आत्महत्या कर लिया तो, कुछ प्लॉट में अड़चन आयेगी तथा छोटे-मोटे भू-माफिया उसे पर कब्जा लेकर अपना दबाव बना सकते हैं या फिर उस प्लॉट पर विवाद गहरा सकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
