– 357 स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षा बल तैनात – विधि व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने जारी किया संयुक्त आदेश कटिहार जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में में सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण व आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस लिया है. अन्य वर्षों की तरह इस बार जिला प्रशासन ने सरस्वती पूजा को सद्भावपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर काफी चौकस रहने की व्यवस्था की है. डीएम आशुतोष द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी की ओर से संयुक्त आदेश जारी की गयी है. जिला प्रशासन की ओर से जारी संयुक्त आदेश में कहा गया है कि शुक्रवार को सरस्वती पूजा व वसंत पंचमी मनाया जायेगा. जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है. प्रशासन के गोपनीय सूत्र भी विभिन्न क्षेत्रों में तैनात रहेंगे. इस गोपनीय सूत्र के माध्यम से प्रशासन को पल-पल की गतिविधि की जानकारी मिलती रहेगी. दूसरी तरफ जिला प्रशासन के इस जॉइंट ऑर्डर में सरस्वती पूजा में जुलूस निकालने को लेकर विशेष निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन ने सरस्वती पूजा को लेकर करीब 357 स्थानों को चिन्हित किया है. जहां दंडाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात रहेंगे. पूर्व के कई घटनाओं का जिक्र करते हुये संयुक्त आदेश में प्रतिनियुक्त किये गये अधिकारी एवं पुलिस वालों को मजबूती के साथ विधि व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया गया है. संयुक्त आदेश में यह भी कहा गया है कि प्रतिमा के विसर्जन के दौरान जुलूस निकालने का भी प्रचलन है. एसडीओ या एसडीपीओ पूजा पंडाल या समिति से जुलूस को लेकर पूर्व में ही निर्धारित रुट की जानकारी अवश्य ले ले. उस रूट का भौतिक सत्यापन भी अपने स्तर से कर लें. उसके बाद ही जुलूस निकालने की अनुमति दें. इस आदेश में यह भी कहा गया है कि 25 जनवरी के अपराह्न तक हर हाल में सभी प्रतिमाओं का विसर्जन अवश्य हो जानी चाहिए. अगर इस अवधि एवं समय तक विसर्जन नहीं होता है तो इसके लिए संबंधित एसडीओ, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष व ओपी अध्यक्ष ही जिम्मेवार होंगे. सरस्वती पूजा के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने की बात कही गयी है. आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. आपत्तिजनक पोस्ट किये तो खैर नहीं जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा, सरस्वती पूजा के दौरान पूजा स्थल, पूजा पंडाल, शैक्षणिक संस्थानों, मंदिर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर किसी तरह की आपत्तिजनक चीज लिखा हुआ या अन्य तरीके से मिला तो उसकी तत्काल सूचना जिला प्रशासन के अधिकारी को दें. संबंधित स्थानों पर तैनात अधिकारी एवं पुलिस बलों को इस पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है. कहा, अगर सोशल मीडिया यथा फेसबुक, व्हाट्सएप्प व ट्विटर आदि के जरिये किसी भी तरह के आपत्तिजनक पोस्ट किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. किसी भी सूरत में विधि व्यवस्था को भंग करने नहीं दिया जायेगा. पुलिस प्रशासन के अधिकारी सोशल मीडिया पर खासतौर पर नजर रखेंगे. असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित सरस्वती पूजा के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर जिला स्तर पर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष में स्थापित की गयी है. इसके लिए पालीवार अधिकारी व कर्मचारी की तैनाती की गयी है. जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी के रूप में वरीय उप समाहर्ता नैमिष कुमार व बिहार गृह रक्षा वाहिनी के वरीय जिला समादेष्टा को तैनात किया गया है. जिला नियंत्रण कक्ष में 06452- 239025 व 249026 दूरभाष संख्या सरस्वती पूजा को लेकर 25 जनवरी तक काम करेगी. किसी भी तरह की सूचना इस नंबर पर दिया जा सकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
