हसनगंज जगरनाथपुर पंचायत के वार्ड संख्या 11 काजीबाड़ी गांव में नल जल योजना से वंचित लोगों ने सड़क पर उतर विभाग के प्रति आक्रोश जताते हुए नारेबाजी की. ग्रामीणों ने कहा, नल जल योजना का शुद्ध जल पूरे प्रखंड में मुहैया कराई जा रही है. पर हमारे गांव में आज पांच साल से पानी नहीं मिल रहा है. पानी तो दूर रख-रखाव के अभाव में गांव में लगी टुटी भी क्षतिग्रस्त हो गई है. बार-बार नल जल योजना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर विभागीय स्तर पर अधिकारियों को कहा गया, लेकिन आजतक इस पर कोई पहल नहीं हुआ. गांव में हमलोग चापाकल का आयरनयुक्त पानी पीने को मजबूर हैं. आयरनयुक्त पानी पीकर हम ग्रामीण कई बीमारी के शिकार हो रहे हैं. लेकिन हमारी समस्या से किसी भी अधिकारी को कोई लेना देना नहीं है. बासुदेव उरांव, रीता देवी, मोहनी देवी, पोंदी लाल उरांव, मालो देवी, सुमन देवी, जगनी देवी सहित ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभाग को इस समस्या पर ध्यान आकृष्ट कराया गया. पर अब तक कोई पहल नहीं हुआ. इस समस्या को लेकर नल जल योजना के कनीय अभियंता सृष्टि कुमारी ने बताया कि स्थल पर पहुंच वर्तमान स्थिति का जायजा लिया जायेगा. संबंधित समस्याओं को दूर करते हुए जल्द नल जल योजना का शुद्ध जल ग्रामीणों को मुहैया कराया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
