तेज आंधी-तूफान से बिजली व्यवस्था ध्वस्त, 10 पोल एक साथ गिरे

रविवार की दोपहर आई तेज आंधी-तूफान व मूसलाधार बारिश ने बारसोई प्रखंड की बिजली व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी

दो पंचायत अंधेरे में डूबी बारसोई. रविवार की दोपहर आई तेज आंधी-तूफान व मूसलाधार बारिश ने बारसोई प्रखंड की बिजली व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी. कर्णपुर पंचायत के निंधौर गांव में हलात इतने भयावह हो गये कि करीब 8 से 10 बिजली के पोल एक साथ धराशायी हो गये. इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बिजली के पोल गिरने से न केवल निंधौर गांव बल्कि आसपास की दो पंचायतों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गयी है. भीषण गर्मी के बीच अचानक बिजली गुल होने से हजारों ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. रात होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जा रहा है. जिससे सुरक्षा को लेकर भी लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और जर्जर पोल-तार की वजह से हर साल आंधी-तूफान में ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन विभाग केवल कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रहता है. समय रहते यदि रखरखाव किया गया होता तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था. स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से पेयजल संकट गहरा गया है. मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हो रहा है. छोटे व्यवसाय पूरी तरह ठप पड़ गए हैं. बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने व शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >