कोढ़ा थाना परिसर में महाशिवरात्रि पर अनोखी परंपरा, थानाध्यक्ष व अपर थानाध्यक्ष ने धर्मपत्नी संग रचाया विवाह

थानाध्यक्ष व अपर थानाध्यक्ष ने धर्मपत्नी संग रचाया विवाह

– तीस वर्षों से चली आ रही परंपरा का भव्य निर्वहन, शिव -पार्वती स्वरूप में सजे पुलिस पदाधिकारी, जय भोले के जयकारों से गूंजा कोढ़ा थाना कोढ़ा महाशिवरात्रि के अवसर पर कोढ़ा थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में भव्य रूप से महाशिवरात्रि मनायी गयी. करीब तीस वर्षों से चली आ रही इस अनोखी परंपरा के तहत जहां अब तक केवल थानाध्यक्ष ही शिव स्वरूप में अपनी धर्मपत्नी के साथ विवाह रचाते थे. इस वर्ष पहली बार थाना अध्यक्ष के साथ-साथ अपर थाना अध्यक्ष ने भी अपनी धर्मपत्नी के साथ वैदिक रीति-रिवाज से विवाह कर इस परंपरा को और भी भव्य और ऐतिहासिक बना दिया. इस अनूठे विवाह समारोह को देखने के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े और पूरा थाना परिसर हर हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोष से गूंज उठा.महाशिवरात्रि की पावन रात्रि में कोढ़ा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने शिव स्वरूप धारण कर अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत विवाह की सभी रस्में निभायी. अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने भी शिव स्वरूप में अपनी धर्मपत्नी के साथ दूसरी बार विवाह कर इस अनूठी परंपरा का हिस्सा बनकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया. देर रात्रि थाना परिसर स्थित शिव मंदिर से बाबा भोलेनाथ की बारात भव्य झांकियों, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक धुनों के साथ निकाली गयी. बारात में शामिल श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए पूरे नगर का भ्रमण करते हुए मसान बाबा थान पहुंचे. जहां पूजा-अर्चना की गयी. इसके बाद बारात पुनः शिव मंदिर परिसर लौटी, जहां विवाह की मुख्य रस्में संपन्न हुईं. इस दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. पूरा वातावरण किसी दिव्य विवाह समारोह जैसा प्रतीत हो रहा था. इस अवसर पर बिहार महादलित आयोग के अध्यक्ष मनोज ऋषि, मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डोमन चौधरी, पवई मुखिया काजिम, मेहनाथपुर मुखिया जगत नारायण सिंह, राजद नेता धीरेंद्र मेहता, भाजपा महामंत्री रामनाथ पांडे, समाजसेवी मिथुन पूर्वे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे. विवाह की रस्मों के दौरान वर और वधू के प्रतीकात्मक पिता की भूमिका भी निभाई गयी. मुखिया प्रतिनिधि भोला चौरसिया ने वर पक्ष के पिता के रूप में और धीरेंद्र मेहता ने वधू पक्ष के पिता के रूप में आशीर्वाद देकर विवाह की परंपरा को पूर्ण किया. इसके बाद दोनों दंपत्तियों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और विवाह के सभी वैदिक संस्कार पंडित द्वारा विधिवत संपन्न कराए गये. इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक विवाह गीत गाकर माहौल को और भी आध्यात्मिक और भावुक बना दिया. थानाअध्यक्ष सुजीत कुमार ने इस अवसर पर कहा कि कोढ़ा थाना परिसर की यह परंपरा पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि पिछले तीस वर्षों से यहां जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं और इस वर्ष उन्हें इस परंपरा को निभाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जो उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इस परंपरा को और भी भव्य रूप में आगे बढ़ाया जायेगा और पुलिस तथा जनता के बीच यह आस्था और विश्वास का संबंध और मजबूत होगा. अपर थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार ने कहा कि उन्होंने इस परंपरा के बारे में पहले केवल समाचार पत्रों और टीवी चैनलों में देखा था, लेकिन इस बार स्वयं इसका हिस्सा बनकर उन्हें अत्यंत गर्व और खुशी महसूस हो रही है. उन्होंने कहा कि यह परंपरा पुलिस और जनता के बीच आत्मीयता और विश्वास का प्रतीक है. यह आयोजन समाज में धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश देता है. विवाह समारोह के बाद उपस्थित बारातियों और श्रद्धालुओं के लिए भव्य सहभोज का आयोजन किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >