कटिहार. जिला से गत तीन वर्ष या उससे अधिक अवधि से एक ही स्थान पर पदस्थापित आधा दर्जन से अधिक उच्च वर्गीय लिपिक को कार्यालय कार्यहित व प्रशासनिक दृष्टिकोण से ट्रांसफर किया गया है. ट्रांसफर संबंधी आदेश जिला पदाधिकारी की ओर से जारी किया गया है. डीएम की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिला अभिलेखागार में पदस्थापित अरबिंद कुमार का ट्रांसफर प्रखंड मनसाही में किया गया है. जबकि जिला विधि प्रशाखा में पदस्थापित आलोक कुमार मिश्र को जिला कोषागार, जिला पंचायती राज कार्यालय में पदस्थापित ब्रजेश कुमार को अनुमंडल बारसोई, जिला कोषागार कार्यालय में पदस्थापित एहतेशाम को अंचल अमदाबाद, अनुमंडल कटिहार में पदस्थापित अलख निरंजन झा को जिला अभिलेखागार, अनुमंडल बारसोई में पदस्थापित अमरेश कुमार राणा को अनुमंडल कटिहार, प्रखंड मनसाही में पदस्थापित देव नारायण रजक को जिला पंचायती राज कार्यालय तथा अंचल अमदाबाद में पदस्थापित राधेश्याम पोद्दार को जिला विधि प्रशाखा में तबादला किया गया है. डीएम की ओर से जारी ट्रांसफर आदेश में कहा गया है कि सभी संबंधित उच्च वर्गीय लिपिक निर्धारित तिथि तक नव पदस्थापित कार्यालय में योगदान करना सुनिश्चित करेंगे. संबंधित कार्यालय प्रधान को आदेश दिया गया है कि वे संबंधित उच्च वर्गीय लिपिक का प्रभार वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आदान-प्रदान कराते हुए नवपदस्थापित कार्यालय में योगदान करने के लिए ससमय विरमित करना सुनिश्चित करेंगे. सभी स्थानांतरित उच्च वर्गीय लिपिक को माह जुलाई 2024 का वेतन नवपदस्थापित कार्यालय से भुगतान किया जायेगा. अनुमंडल पदाधिकारी, बारसोई को निर्देश दिया है कि उच्च वर्गीय लिपिक ब्रजेश कुमार को अनुमंडल राजस्व, बारसोई के कार्य संपादन के लिए प्राधिकृत करना सुनिश्चित करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
