बारसोई नगर पंचायत बारसोई की सशक्त स्थायी समिति के नवनिर्वाचित सदस्य सोमवार को अन्य वार्ड पार्षदों के साथ कदवा विधायक डॉ दुलाल चंद्र गोस्वामी से उनके बारसोई स्थित करीमगंज आवास पर मिले. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं व विकास से जुड़े मुद्दों से विधायक को अवगत कराया. मुलाकात के दौरान विधायक डॉ गोस्वामी ने सशक्त स्थायी समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों दीपक चंद्र दास, फैजान व बेबी साह के प्रतिनिधि तिलक साहा को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के विकास में सशक्त स्थायी समिति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. आमलोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए नगर के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जाना चाहिए. विधायक ने समिति के सदस्यों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया. बैठक के दौरान सदस्यों ने बारसोई नगर पंचायत क्षेत्र स्थित उच्च विद्यालय के समीप पंचायत सरकार भवन परिसर में लगभग 15 वर्ष पूर्व निर्मित दुकानों के आवंटन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने विधायक को बताया कि निर्माण के बाद से अब तक इन दुकानों का आवंटन नहीं किया गया है. जिसके कारण सरकारी संपत्ति का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है. सदस्यों ने मांग की कि दुकानों का शीघ्र आवंटन कराया जाय. ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार व व्यवसाय का अवसर मिल सके तथा सरकार को राजस्व की प्राप्ति भी हो. विधायक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जनहित एवं विकास से जुड़े मामलों के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर हैं. उचित स्तर पर इस विषय को उठायेंगे. मौके पर जदयू के वरिष्ठ प्रखंड अध्यक्ष गौतम कुमार बाउरी सहित कई वार्ड पार्षद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
विधायक से मिले सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
विधायक से मिले सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
