खरीफ महाभियान 2026: आधुनिक खेती अपनाने का आह्वान

(खरीफ) महाभियान 2026 के तहत शुक्रवार को फलका ई-किसान भवन में कृषि जन कल्याण चौपाल का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्नत खेती की तकनीकों से अवगत कराया गया

– किसानों को दी गई वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी

कटिहार, फलका.

कृषि को अधिक लाभकारी, आधुनिक और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से (खरीफ) महाभियान 2026 के तहत शुक्रवार को फलका ई-किसान भवन में कृषि जन कल्याण चौपाल का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्नत खेती की तकनीकों से अवगत कराया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमुख दीपशिखा सिंह एवं कृषि पदाधिकारी सौरभ कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मौके पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी प्रियरंजन कुमार तथा उप परियोजना निदेशक (आत्मा) शशिकांत झा भी मौजूद रहे. वक्ताओं ने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि ही गांव, राज्य और देश के विकास की आधारशिला है. किसानों को नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर खेती को लाभकारी बनाना होगा.

वैज्ञानिकों ने बताए उन्नत खेती के तरीके

कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय कृषि वैज्ञानिक डॉ. पंकज कुमार एवं जुट अनुसंधान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ पाल ने किसानों को खरीफ फसलों की बेहतर खेती के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए संतुलित मात्रा में उर्वरकों एवं खाद के प्रयोग पर बल दिया. साथ ही बदलते मौसम और बाजार की मांग को देखते हुए फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी. वैज्ञानिकों ने कहा कि आधुनिक जल प्रबंधन तकनीकों के उपयोग से पानी की बचत के साथ उत्पादन में भी वृद्धि की जा सकती है. इसके अलावा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बताया कि कम लागत में अधिक उत्पादन और भूमि की दीर्घकालीन उर्वरता बनाए रखने के लिए प्राकृतिक खेती प्रभावी विकल्प है.

किसानों से सीधा संवाद, योजनाओं की दी जानकारी

चौपाल के दौरान किसानों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया गया. कृषि विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में भंगहा पैक्स अध्यक्ष संजय पटेल, बिपिन मंडल, प्रदीप प्रभाकर, प्रगतिशील किसान आजाद आलम सहित बड़ी संख्या में किसान, किसान सलाहकार एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे. अंत में किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ाने और स्वस्थ धरती के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >