कटिहार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कटिहार जिले के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस पूरे दिन अलर्ट रही. पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की मतदान बुधवार को हुई. दूसरे चरण के मतदान को लेकर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर मंगलवार रात से ही जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारी को अलर्ट कर दिया गया था. सीमावर्ती इलाकों के बारसोई अनुमंडल के बारसोई थाना क्षेत्र, आबादपुर, बलरामपुर, तेलता, सुधानी, कचना, कटिहार सरदार अनुमंडल के प्राणपुर थाना रोशना थाना, मनिहारी अनुमंडल के अमदाबाद थाना पुलिस को अलर्ट कर वहां पुलिस की गतिविधि तेज कर सभी सीमावर्ती थाना क्षेत्रों को सील कर दिया गया था. सीमा से सटे प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अस्थायी चेकपोस्ट बनाए गए थे. जहां पुलिस पदाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात रहे. हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से जांच की जाती रही. वाहनों के कागजात, डिक्की, और संदिग्ध सामान की सघन तलाशी ली गयी. नकदी व हथियार पर रखी गयी विशेष नजर पुलिस ने विशेष रूप से नकदी, हथियार और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर नजर रखी. इसके लिए तकनीकी निगरानी का भी सहारा लिया गया. संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गयी. उनकी पहचान का सत्यापन किया गया. सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस गश्त पूरे दिन होती रही. दिन के साथ-साथ रात में भी सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. बाइक, चारपहिया वाहनों व मालवाहक गाड़ियों की विशेष जांच की जा रही थी. नदी मार्ग और कच्चे रास्तों पर भी पुलिस की पैनी नजर रखी गयी. ताकि कोई भी व्यक्ति इन रास्तों का इस्तेमाल कर अवैध गतिविधियों को अंजाम न दें. पश्चिम बंगाल में चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जा सके. चुनाव को प्रभावित करने को लेकर असामाजिक तत्व बिहार के कटिहार बॉर्डर का इस्तेमाल न कर सके या फिर पश्चिम बंगाल में असामाजिक तत्व मतदान में खलल उत्पन्न कर कटिहार की सीमा का रुख न कर सके. एसपी ने बताया कि संध्या 6:00 तक सीमा सील रही. बंगाल की ओर से आवागमन करने वाले सभी लोगों तथा उसके समानों की तलाशी ली गयी. बाइक से लेकर ट्रक की तलाशी ली गयी.
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कटिहार की सीमा रही सील, पुलिस रही अलर्ट
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कटिहार की सीमा रही सील, पुलिस रही अलर्ट
