कटिहार. जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में सेमापुर मोड़ के समीप एनएच-31 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्रा अनामिका कुमारी की मौत हो गई. छात्रा घर का जरूरी सामान लेने चौक की ओर जा रही थी. हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल छात्रा को स्थानीय लोगों ने तत्काल कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. हालांकि पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
अज्ञात वाहन ने छात्रा को मारी जोरदार टक्कर
बताया जाता है कि अनामिका कुमारी सेमापुर मोड़ के समीप एनएच-31 से होकर चौक की ओर जा रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी गंभीर थी कि छात्रा बुरी तरह घायल हो गई.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसकी मदद की और इलाज के लिए कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया.
पूर्णिया पहुंचने से पहले रास्ते में ही हुई मौत
परिजन छात्रा को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया ले जा रहे थे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण अनामिका ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मृतका कोढ़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी पंकज पंडित की सबसे बड़ी पुत्री थी. बेटी की असमय मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी अनामिका
परिजनों के अनुसार अनामिका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और पढ़ाई में काफी होनहार थी. वह आगामी मैट्रिक परीक्षा की तैयारी कर रही थी.
पिता पंकज पंडित ने बताया कि बेटी के उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूरे परिवार ने कई सपने संजो रखे थे. मैट्रिक परीक्षा के बाद उसे किसी अच्छे और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में दाखिला दिलाने की तैयारी की जा रही थी. उन्होंने कहा कि परिवार को बेटी से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने पल भर में परिवार की खुशियां उजाड़ दीं.
सेमापुर मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम की मांग
एनएच-31 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि सेमापुर मोड़ व्यस्त इलाका है, जहां आम लोगों और विद्यार्थियों की लगातार आवाजाही रहती है. लोगों का कहना है कि इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सेमापुर मोड़ समेत राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी बोर्ड और प्रभावी गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच, अज्ञात वाहन की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. टक्कर मारकर फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
