मुहर्रम जुलूस के मद्देनजर कटिहार के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित, गर्मी और पानी संकट से लोग परेशान

Katihar Power Cut: मुहर्रम जुलूस के मद्देनजर कटिहार शहर और जिले के कई इलाकों में सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति बाधित रही. बिजली नहीं रहने से गर्मी, जलापूर्ति, मोबाइल चार्जिंग और कारोबार पर असर पड़ा. विभाग ने जुलूस समाप्त होने के बाद चरणबद्ध बहाली का आश्वासन दिया.

कटिहार से राज किशोर चौरसिया की रिपोर्ट:

Katihar Power Cut: मुहर्रम जुलूस के मद्देनजर कटिहार शहर और जिले के कई क्षेत्रों में एहतियातन बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई है. विद्युत विभाग के अनुसार, ताजिया जुलूस के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है. विभाग ने कहा है कि जुलूस समाप्त होने के बाद चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी.

गर्मी और उमस से बढ़ी परेशानी

लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है. घरों में पंखे, कूलर और एसी बंद पड़े हैं. कई इलाकों में लोगों ने रातभर बिजली नहीं रहने की शिकायत की. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

इनवर्टर हुए डिस्चार्ज, मोबाइल चार्जिंग भी बनी समस्या

लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से अधिकांश घरों के इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए हैं. मोबाइल फोन चार्ज नहीं होने से लोगों को संपर्क बनाए रखने में परेशानी हो रही है. छात्रों की पढ़ाई और ऑनलाइन कार्य भी प्रभावित हुए हैं.

जलापूर्ति पर भी पड़ा असर

बिजली कटौती के कारण मोटर नहीं चल पाने से कई घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है. लोगों को पेयजल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है. कुछ इलाकों में पानी की समस्या भी सामने आई है.

उद्योग और कारोबार प्रभावित

बिजली बाधित रहने का असर छोटे-बड़े उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी पड़ा है. इंडस्ट्रियल एरिया में कई इकाइयों का काम प्रभावित हुआ. दुकानदारों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से कारोबार प्रभावित हो रहा है, जबकि फ्रिज बंद रहने से खाद्य सामग्री खराब होने की आशंका बनी हुई है.

लोगों ने की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है, लेकिन जुलूस मार्ग से अलग क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के साथ बिजली आपूर्ति जारी रखने की दिशा में भी प्रयास होने चाहिए, ताकि आम लोगों को कम परेशानी हो.

विद्युत विभाग का पक्ष

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मुहर्रम जुलूस के दौरान ऊंचे ताजिया और भीड़भाड़ को देखते हुए एहतियातन बिजली आपूर्ति रोकी गई है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो. विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जुलूस समाप्त होने के बाद सभी फीडरों से चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.

और पढे: मुहर्रम पर कटिहार में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, 26 जून से लागू रहेगा डायवर्जन प्लान, बड़े वाहनों पर रोक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >