Katihar News: कटिहार जिले के सालमारी स्थित आरडीएस कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण का मामला सामने आया है. कॉलेज प्रशासन ने इसे शैक्षणिक वातावरण, सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक भूमि से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, आजमनगर अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी और सालमारी थानाध्यक्ष को आवेदन सौंपा है.
प्राचार्य डॉ. शेखर कुमार जायसवाल ने बताया कि अवकाश के बाद महाविद्यालय खुलने पर कॉलेज गेट के पास निर्माण गतिविधि और अतिक्रमण का प्रयास देखा गया, जिसके बाद प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई.
प्रवेश मार्ग बाधित होने की आशंका
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि मुख्य प्रवेश द्वार के समीप यदि निर्माण कार्य जारी रहा तो छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो सकती है.
प्राचार्य के अनुसार बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के किए जा रहे इस निर्माण से भविष्य में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और शैक्षणिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर स्थायी अतिक्रमण की स्थिति बन सकती है.
असामाजिक तत्वों पर लगाया आरोप
डॉ. जायसवाल ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्व कॉलेज परिसर से सटी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि यह केवल कॉलेज प्रशासन का नहीं, बल्कि जनहित और विधि-व्यवस्था से जुड़ा संवेदनशील मामला है. ऐसे मामलों में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई आवश्यक है ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो.
DM, CO और पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
कॉलेज प्रशासन ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि स्थल का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और यदि निर्माण कार्य बिना वैधानिक स्वीकृति के किया जा रहा है तो उसे तत्काल प्रभाव से रोका जाए.
साथ ही संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने और कॉलेज के मुख्य प्रवेश मार्ग तथा सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने की मांग की गई है.
Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ
Katihar News: विश्वविद्यालय और शासी निकाय को भी भेजी गई प्रतिलिपि
इस मामले की जानकारी पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन को भी दी गई है. आवेदन की प्रतिलिपि सूचनार्थ और आवश्यक कार्रवाई के लिए पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलसचिव तथा महाविद्यालय के शासी निकाय के अध्यक्ष को भी भेजी गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार के पास अतिक्रमण बढ़ता है तो भविष्य में यातायात, सुरक्षा और संस्थान के संचालन पर भी असर पड़ सकता है. अब सबकी नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है.
