बरारी में ईंट की कीमतों में भारी उछाल, आम लोगों से लेकर सरकारी योजनाएं भी प्रभावित

बरारी प्रखंड में ईंट की कीमत ₹10,000 से बढ़कर ₹14,000 प्रति हजार हो गई है. इस बढ़ोतरी से आम लोगों के लिए घर बनाना मुश्किल हो गया है, वहीं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा आ रही है.

Brick Price: कटिहार जिले के बरारी प्रखंड क्षेत्र में ईंट की बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. मकान निर्माण की लागत बढ़ने से आम लोगों के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य सरकारी निर्माण कार्यों पर भी इसका असर पड़ रहा है. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है.

घर बनाना हुआ महंगा

ग्रामीण अंजली देवी, रमण कुमार, विधान कुमार, रागिनी और दिव्य कुमार ने बताया कि पहले प्रति हजार ईंट की कीमत करीब 10 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 14 हजार रुपये हो गई है. उनका कहना है कि ईंट महंगी होने से मकान निर्माण का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है और कई परिवारों के लिए घर बनाना मुश्किल हो गया है.

सरकारी योजनाओं पर भी असर

सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर रहे संवेदकों ने भी ईंट की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि सरकारी दर के अनुसार प्रति हजार ईंट की कीमत 6,777 रुपये निर्धारित है, जबकि ईंट भट्ठों से 14 हजार रुपये प्रति हजार की दर से ईंट बेची जा रही है. इससे विकास योजनाओं के संचालन में कठिनाई हो रही है.

जनप्रतिनिधियों ने की कार्रवाई की मांग

जिला पार्षद गुणसागर पासवान, प्रियंका कुमारी, जिला पार्षद प्रतिनिधि शारीब खान, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार यादव और अरुण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि ईंट भट्ठा संचालक मनमाने तरीके से अधिक कीमत वसूल रहे हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है.

प्रशासन से हस्तक्षेप की उम्मीद

Brick Price: स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ईंट की कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आम लोगों के लिए घर बनाना और सरकारी योजनाओं का समय पर पूरा होना दोनों प्रभावित होंगे. लोगों ने प्रशासन से कीमतों की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Pintu Pranav

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >