katihar Cyber Crime News: कटिहार जिले के फलका प्रखंड में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से कथित तौर पर फर्जी फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है. भरसिया गांव निवासी नवाजिश करीम ने साइबर थाना कटिहार में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में उन्होंने इसे उनकी छवि खराब करने और कथित तौर पर ठगी व दबाव बनाने की साजिश बताया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित फर्जी तस्वीर
शिकायतकर्ता नवाजिश करीम के अनुसार, 17 जुलाई को उन्हें स्थानीय लोगों और मीडिया के माध्यम से पता चला कि सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल की जा रही है. वायरल तस्वीर में उनके हाथ में अवैध हथियार (कट्टा) दिखाया गया है.
उन्होंने दावा किया है कि यह फोटो AI तकनीक की मदद से तैयार की गई है और वास्तविक नहीं है. उनका कहना है कि इस तरह की तस्वीर वायरल कर उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है.
जमीन विवाद के बाद धमकी देने का आरोप
अपने आवेदन में नवाजिश करीम ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के बाद से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि उनसे 5 लाख रुपये की मांग की गई और राशि नहीं देने पर झूठे मामलों में फंसाने तथा सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने की धमकी दी गई.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी कई लोगों की तस्वीरें वायरल कर उन्हें बदनाम करने और ठगी करने के मामलों में आरोपित रहा है. आवेदन के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
ग्रामीणों ने किया समर्थन
घटना के बाद गांव के कई लोग नवाजिश करीम के समर्थन में सामने आए. सरपंच बासुकी हेमबरम, फसी अहमद, अकीम, नाहिद आलम सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि नवाजिश करीम सामाजिक गतिविधियों से जुड़े व्यक्ति हैं और उनकी छवि अच्छी रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन विवाद के कारण उन्हें साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.
katihar Cyber Crime News: साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
नवाजिश करीम ने साइबर थाना पुलिस से वायरल तस्वीर की तकनीकी जांच, संबंधित सोशल मीडिया खातों की पड़ताल और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. वायरल फोटो के तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच में यदि फोटो एआई से तैयार की गई या किसी प्रकार की छेड़छाड़ पाई जाती है और संबंधित व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: सुपौल-दरभंगा NH कॉरिडोर को मिली मंजूरी, मिथिलांचल और सीमांचल के बीच बनेगा नया हाईवे, इन जिलों को होगा फायदा
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
