भाई-भाई की दुश्मनी : कटिहार में छोटे भाई को फंसाने के लिए बम रखने का आरोप, तीन गिरफ्तार

Katihar Crime News: कटिहार के कोढ़ा में सगे भाइयों की रंजिश ने खतरनाक मोड़ ले लिया. छोटे भाई को फंसाने के लिए दुकान के बाहर सुतली बम रखवाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच जारी है.

कटिहार के कोढ़ा से अमीर सोहेल की रिपोर्ट

Katihar Crime News: कोढ़ा प्रखंड के कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र अंतर्गत मधुरा पंचायत के महतो टोला वार्ड संख्या-6 में सगे भाइयों के बीच चल रहे आपसी विवाद ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया. पुलिस के अनुसार, दुकान के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में सुतली बम मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.

एक माह पहले हुआ था दोनों भाइयों में विवाद

जानकारी के अनुसार मधुरा निवासी विष्णु यादव अपनी दुकान संचालित करता है. पहले उसका बड़ा भाई शिवा यादव उर्फ संजीत भी उसी दुकान में काम करता था. करीब एक माह पूर्व दोनों भाइयों के बीच विवाद होने के बाद शिवा यादव ने दुकान छोड़ दी. इसके बाद दोनों के बीच लगातार तनाव और आपसी रंजिश बनी रही.

ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई को सबक सिखाने और बर्बाद करने की धमकी भी दी थी.

दुकान के बाहर मिला सुतली बम

घटना उस समय सामने आई जब सुबह विष्णु यादव की दुकान के सामने रखे एक कोल्ड ड्रिंक कैरेट से पुलिस ने सुतली बम बरामद किया. सूचना मिलते ही कोलासी पुलिस शिविर की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने विष्णु यादव, शिवा यादव उर्फ संजीत और मो. अब्दुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया.

बम बनाने में भूमिका की जांच

पुलिस के अनुसार मो. अब्दुल की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुतली बम किसने बनाया, उसे दुकान तक कौन लेकर आया और कथित साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही.

हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन सभी आरोपों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी.

एसडीओ कोर्ट में किया गया पेश

कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर बीएनएसएस की धारा-128 के तहत एसडीओ कोर्ट, कटिहार में प्रस्तुत किया गया है.

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन दुकान के सामने प्रवेश निषेध का स्टीकर लगा दिया है. इस मामले ने न केवल पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता को उजागर किया है, बल्कि यह भी दिखाया है कि आपसी विवाद किस तरह गंभीर आपराधिक घटनाओं का रूप ले सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >