बारसोई सरस्वती पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाये रखने एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने को लेकर बारसोई पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. इसी क्रम में गुरुवार को शहर व आसपास के इलाकों में पुलिस-प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला. फ्लैग मार्च को अनुमंडल पदाधिकारी प्रियंका कुमारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. मार्च थाना परिसर से निकलकर प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों व पंडालों के आसपास से होकर गुजरा, प्रशासनिक अधिकारियों ने आम नागरिकों से शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराने में सहयोग की अपील की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. अनुमंडल प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को समय-सीमा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग व सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है. साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं गश्ती दल की तैनाती सुनिश्चित की गई है. फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि सरस्वती पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
