प्रतिनिधि, कटिहार अनावश्यक रूप से जिला कृषि कार्यालय में कृषि कर्मचारियों व पदाधिकारियों को अब आना महंगा पड़ेगा. जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार ने इस पर अंकुश लगाते हुए सख्त रवैया अपनाया है. वेवजह बिना काम के जिला कृषि कार्यालय में भ्रमण करने वाले कर्मचारियों व पदाधिकारियों को चार मार्च को एक पत्र जारी कर चेतावनी दे दी है. जिला कृषि कार्यालय कटिहार में अनावश्यक रूप से भ्रमण करने के संबंध में सभी कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, सभी किसान सलाहकारों को चेताया है कि प्राय: देखा जाता है कि जिला कृषि कायालय में अनावश्यक रूप से आते जाते रहते हैं. अपने पंचायत कृषि कार्यालय एवं ई किसान भवन से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहते हैं. अकारण जिलाकृषि पदाधिकारी के वेश्म में भी चले आते हैं. इससे कार्यालय का कार्य बाधित हो जाता है. इसकाे ध्यान में रखते हुए उन्होंने ऐसे कर्मचारियों व पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिया है कि अनावश्यक एवं अनाधिकृत रूप से देखे जाने पर उक्त तिथि का वेतन, मानदेय अवरूद्ध कर दिया जायेगा. इतना ही नहीं उन सभी के विरूद्ध निलम्बन, चयनमुक्त की कार्रवाई भी की जायेगी. डीएओ मिथिलेश कुमार द्वारा इस तरह के जारी पत्र के बाद से कई कर्मचारियों व पदाधिकारियों में खुशी है तो कईयों में इसको लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
