शराब के नशे में धुत्त समेली चिकित्सा प्रभारी का हाइवोल्टेज ड्रामा

शराब के नशे में धुत्त समेली चिकित्सा प्रभारी का हाइवोल्टेज ड्रामा

– स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर किया वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार – वीडियो सामने आने के बाद सिविल सर्जन ने किया सस्पेंड समेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली में पदस्थापित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनय कुमार सिंह का नशे की हालत में वीडियो वायरल होने के बाद पोठिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया. इधर स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें उनके दायित्व से मुक्त कर दिया है. मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. बुधवार की दोपहर चांदपुर पश्चिम पंचायत के एक ग्रामीण जन्म प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर कराने अस्पताल पहुंचे थे. आरोप है कि उस समय प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अस्पताल परिसर के पीछे बने कर्मी विश्राम कक्ष में शराब के नशे में अर्धनग्न अवस्था में बेड पर पड़े थे. हस्ताक्षर कराने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गयी. जिसके बाद नशे में होने की बात आसपास के लोगों तक पहुंच गयी. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. इसी दौरान कुछ लोगों ने प्रभारी का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. हालांकि इस वीडियो की पुष्टी प्रभात खबर नहीं करता है. वीडियो में उन्हें अर्धनग्न स्थिति में जमीन पर पड़ा हुआ दिख रहे हैं व उसका पालतू कुत्ता भी देखा जा रहा है. स्थिति बिगड़ते देख सूचना पर पहुंचे पोठिया थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में लेकर थाना ले गये. कटिहार से मद्य निषेध विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी. डॉ विनय कुमार सिंह वर्ष 2018 से समेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित हैं. अपने कार्यकाल के दौरान कई बार विवादों में रहे. पूर्व में एक एएनएम से फोन पर अभद्रता का आरोप भी लगा था. जिसका ऑडियो वायरल हुआ था. हालांकि जांच के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी. इधर, पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद सिविल सर्जन डॉ जितेंद्रनाथ सिंह ने जारी आदेश में डॉ विनय कुमार सिंह को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के दायित्व से मुक्त कर दिया है. उनकी जगह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डूमर समेली में पदस्थापित डॉ कृष्ण कुमार यादव को नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. दीराचांदपुर निवासी ललित कुमार राज ने पोठिया थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय लोगों ने दोषी चिकित्सक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. वही पोठिया थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि जांच में शराब की पुष्टि हुई है. आगे की करवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >