फलका में चैती दुर्गा प्रतिमा का नम आंखों से किया विसर्जन

फलका में चैती दुर्गा प्रतिमा का नम आंखों से किया विसर्जन

– विसर्जन के दौरान निकाली गयी भव्य शोभायात्रा फलका रामनवमी चैती दुर्गापूजा के समापन पर बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी और पूरे वातावरण में जय माता दी जय श्री राम के जयकारे गूंजते रहे. फलका के ठाकुर बाडी मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गयी. शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर झूमते-नाचते नजर आये. युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. पूरे मार्ग को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया था. शोभा यात्रा फलका के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गौरी शंकर पोखरा विसर्जन स्थल तक पहुंची. जहां वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. अगले वर्ष पुनः आने का आह्वान किया. विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बीडीओ सौरव कुमार सन्नी, थानाध्यक्ष रवि कुमार राय, दरोगा मिथिलेश कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे. शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न कराया गया. चैती दुर्गा पूजा के सफल आयोजन को लेकर पूजा समितियों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा. श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ मां दुर्गा को विदाई दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >