-पूर्णिया विवि स्तर से खोले जाएंगे चार अलग-अलग कॉलेजों में चार विस्तार पटल -सभी विस्तार पटल पर विवि स्तर से रहेंगे एक पदाधिकारी और एक कर्मचारी -निर्णय लेकर भेजा गया राज्य भवन,विवि स्तर की परेशानियों को विवि से कराएंगे निदान कटिहार कटिहार के सभी अंगीभूत व सम्बद्ध महाविद्यालयों में पठन-पाठन कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए एक अच्छी खबर है, जिला स्तर की समस्याओं से निबटने के लिए विवि की ओर से डीएस कॉलेज में विवि विस्तार पटल खोलने का निर्णय लिया गया है. विवि में दो से तीन दिन पूर्व हुई बैठक में डीएस कॉलेज में विस्तार पटल खोलने का निर्णय लेकर राजभवन को भेज दी गयी है. मालूम हो कि बिहार में 13 परम्परागत विवि स्थापित हैं, जिसके अंतर्गत लाखो छात्र छात्राएं स्नातक,स्नातकोत्तर के साथ अन्य स्तर पर पढाई कर रहे हैं. अनेक विवि का भौगोलिक क्षेत्र एक सौ किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है. स्नातक स्तर मे आठ सेमेस्टर में पढाई होती है, अर्थात आठ बार परीक्षा होती है. इसी प्रकार पीजी में चार सेमेस्टर में पढाई होती है यानी चार बार परीक्षा होती है, स्वभाविक है कि इन 12 परीक्षाओं में कई बार छात्र छात्राओं को कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ता है. महाविद्यालय से विवि का मुख्यालय एक सौ किलोमीटर से अधिक दूरी पर अवस्थित होने के कारण छात्र छात्राओं को समस्या के निराकरण मे परेशानी होती है. एक दिन में ही समस्या का समाधान संभव नहीं है, इस कारण कई बार विवि में जाना पड़ता है इस कारण छात्र छात्राओं को और भी परेशानी होती हेै, इसी को लेकर राज्यपाल सह कुलाधिपति बिहार द्वारा इन सभी समस्याओं के निराकरण के लिए व्यवस्था बहाल करने के लिए आदेश दिया गया है. इसको लेकर राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू ने सात अगस्त 2025 को पत्र जारी कर एक माह में विस्तार पटल खोलते हुए इसकी जानकारी सभी छात्र छात्राओं तथा विवि के शिक्षक एवं कर्मचारियों को देने का निदेश दिया है. मुख्यालय से चालीस किलोमीटर की दूरी पर खोला जायेगा विस्तार पटल मुख्यालय से सभी दिशा में 40-40 किलोमीटर की दूरी पर एक एक विवि का विस्तार पटल खोला जाना, इसके लिए उस क्षेत्र में आनेवाले किसी महाविद्यालय के दो कमरों का उपयोग किया जा सकेगा. उक्त विस्तार पटल में कर्मचारी आदि की व्यवस्था विवि स्तर से की जायेगी तथा सभी प्रकार की सुविधा की उपलब्धता भी विवि के स्तर से ही किया जाना है. उस विस्तार पटल के क्षेत्र में आनेवाले सभी महाविद्यालयों से सम्बंधित सभी अभिलेखों की प्रति उस विस्तार पटल में संधारित रहेगी. छात्र छात्राओं द्वारा किसी समस्या के निराकरण के लिए विवि में आवेदन दिया जाता है तो विवि के स्तर से नियमानुसार उसका निराकरण किया जायेगा. छात्रों के समस्याओं के निराकरण को उक्त विस्तार पटल के समक्ष आवेदन दिया जाता है तो विस्तार पटल के पदाधिकारी, कर्मचारी द्वारा पन्द्रह दिनों में इसका निराकरण करना है. यदि छात्र छात्राओं द्वारा किसी समस्या के निराकरण को विस्तार पटल के समक्ष आवेदन दिया जाता है,सम्बंधित अभिलेख उस विस्तार पटल में उपलब्ध न होकर विवि के मुख्यालय में उपलब्ध हो तो विस्तार पटल के पदाधिकारी, कर्मचारी का दायित्व होगा कि वह विवि से सम्पर्क कर एक माह में समस्या का निराकरण कार्य करायें. पूणिया विवि के चार कॉलेजों में विवि विस्तार पटल खोलने को लेकर निर्णय लिया गया है, कटिहार के डीएस कॉलेज में विवि विस्तार पटल खोलने को लेकर निर्णय राजभवन को भेज दी गयी है, इससे छात्र छात्राओं को कई परेशानियों से निजात मिल सकेगी, डॉ प्रणय कुमार गुप्ता, कुलसचिव, पीयू
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
