कटिहार : जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और रेलवे क्षेत्र में सघन छापेमारी व चेकिंग अभियान चलाकर 55.175 लीटर शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया. उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में चलाये गये अभियान में तीन बाइक भी जब्त की गयीं.
दो बाइक से 33 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद
मद्य निषेध टीम ने कदवा थाना क्षेत्र के उरांव टोला ओवरब्रिज के नीचे कार्रवाई करते हुए मोहन कुमार और मुन्ना कुमार मंडल को अलग-अलग बाइक से शराब ले जाते पकड़ा. दोनों के पास से क्रमश: 20.100 लीटर और 13.200 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी.
बलिया बेलोन और मनिहारी में भी कार्रवाई
बलिया बेलोन थाना क्षेत्र के मीनापुर रोड में एक बाइक से 1.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. वहीं मनिहारी थाना क्षेत्र के दुग्गाछी केवाला में सविता देवी को दो लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
प्राणपुर रेलवे स्टेशन से 18 लीटर बीयर जब्त
उत्पाद विभाग की एक अन्य टीम ने प्राणपुर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 18 लीटर बीयर जब्त की. इस मामले में अज्ञात के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है.
कुल 55.175 लीटर शराब बरामद
उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान कुल तीन बाइक, 53.175 लीटर विदेशी शराब और दो लीटर चुलाई शराब बरामद की गयी. चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. जिले में शराब तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
