– निगम प्रशासन के विरुद्ध की जमकर नारेबाजी कटिहार नगर निगम क्षेत्र में पटेल चौक से लेकर चौधरी मोहल्ला होते हुए तीनगछिया तक नाले के निर्माण के आधे अधूरे कार्य को लेकर लोगों को खासी परेशानी हो रही है. इस निर्माण कार्य के कारण पूरे इलाके में आवागमन बुरी तरह बाधित हो गया है. हालात इतने खराब हो गये हैं कि लोगों को अपने घरों से बाहर निकलना तक दूभर हो गया है. इसी समस्या को लेकर कटिहार जिला नौजवान कमेटी ने चौधरी मोहल्ला से तीनगछिया जाने वाली सड़क पर बांस की बैरिकेटिंग कर प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला नौजवान कमेटी के अरमान मंजर ने बताया कि पटेल चौक से तीनगछिया तक जाने वाली मुख्य सड़क पर नाले का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है. इस वजह से जल जमाव की स्थिति बनी हुई है और मिलन चौक तक का रास्ता पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर गया है. उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे मजबूर होकर लोगों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा.इस मौके पर प्रदर्शन में शामिल लोग नगर निगम से मांग कर रहे हैं कि इस कार्य को अविलंब पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र में सामान्य जीवन बहाल हो सके. मुख्य मार्ग जाम जाम रहने के कारण सड़क के दोनों और वाहनों की कतार लग गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
