कोढ़ा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से चलाये जा रहे राजस्व महा अभियान के तहत कोढ़ा प्रखंड के आठ पंचायतों में गुरुवार को महाशिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर क्रमशः संदलपुर, विशनपुर, रामपुर, बिनोदपुर, विषहरिया, मेहननाथापुर, बसहगढ़ा, बावनगंज पंचायतों में आयोजित हुआ. अभियान के दौरान आंचलाधिकारी कार्यालय के अधिकारी व कर्मी पंचायत स्तर पर पहुंचकर रैयतों के बीच जमीन संबंधी कागजातों की जांच-पड़ताल की. साथ ही पुराने अभिलेखों में सुधार, नामांतरण, सीमांकन, जमाबंदी, किराया रसीद व अन्य राजस्व मामलों का निस्तारण भी किया गया. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सरकार की पहल के तहत अब लोगों को अपने दरवाजे पर ही जमीन से जुड़े कार्यों का लाभ मिलेगा. इससे आमलोगों को प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. गांव के लोगों ने इस महाशिविर का स्वागत किया. कहा कि इससे वर्षों से लंबित कई मामलों का समाधान संभव होगा. राजस्व विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रखंड के अन्य पंचायतों में भी इसी तरह का शिविर आयोजित किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
