बारसोई से अरविन्द गुप्ता की रिपोर्ट:
Cricket Tournament Katihar: भवानीपुर नौजवाने कमिटी की ओर से आयोजित शॉर्ट बाउंड्री क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन खेल भावना और रोमांचक मुकाबलों के बीच संपन्न हुआ. फाइनल मुकाबले में मेजबान भवानीपुर स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाबी गैरेज की टीम को सात विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
टूर्नामेंट का उद्घाटन मंगलवार की रात बारसोई एसडीएम राजू कुमार ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया था. इस अवसर पर मुखिया संघ अध्यक्ष मोअज्ज़म हुसैन, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो. शाहनवाज, जदयू युवा जिला अध्यक्ष अमल गोस्वामी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष गौतम बाउरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को भाईचारे और युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम बताया.
24 रन के लक्ष्य को आसानी से किया हासिल
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाबी गैरेज की टीम निर्धारित ओवरों में 24 रन ही बना सकी. जवाब में भवानीपुर स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सात विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
विजेता और उपविजेता टीम को मिला नकद पुरस्कार
चैंपियन भवानीपुर स्पोर्ट्स क्लब को ट्रॉफी के साथ 12 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया. वहीं उपविजेता पंजाबी गैरेज की टीम को ट्रॉफी के साथ 7 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया.
प्रथम पुरस्कार का वितरण पूर्व मुखिया मो. फरीद आलम, सरपंच प्रतिनिधि मंसूर आलम, डॉ. नजरुल इस्लाम एवं शिक्षक हसन रजा ने संयुक्त रूप से किया, वहीं द्वितीय पुरस्कार सहायक दस्तावेज लेखक मो. नूर अख्तर एवं सद्दाम डीलर की ओर से प्रायोजित किया गया, जिसे सद्दाम डीलर, अंसार सदस्य, अब्दुल लतीफ, सलाउद्दीन एवं मो. हन्नान ने विजेता टीम को प्रदान किया.
खेल से बढ़ती है अनुशासन और एकता की भावना
आयोजन समिति ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, आपसी एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं. पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्थानीय खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
