कटिहार : सेवाकाल के दौरान पिता के निधन के चार वर्ष बाद उनके पुत्र को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी मिल गई. जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शनिवार को आदित्य कुमार को समाहरणालय में निम्न वर्गीय लिपिक के पद का नियुक्ति पत्र सौंपा.
अनुकंपा समिति की बैठक में हुआ निर्णय
जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को आयोजित जिला अनुकंपा समिति की बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक अहर्ताएं पूरी पाए जाने पर आदित्य कुमार की नियुक्ति को स्वीकृति दी गई. उन्हें वेतन स्तर-02 (₹19,900-63,200) तथा सरकार द्वारा समय-समय पर देय भत्तों के साथ औपबंधिक नियुक्ति दी गई है.
पिता की 2022 में हुई थी सेवाकाल में मृत्यु
आदित्य कुमार, डहेरिया चौक निवासी स्वर्गीय सतीश कुमार रजक के पुत्र हैं. उनके पिता अंचल कार्यालय कटिहार में लिपिक के पद पर कार्यरत थे और 5 फरवरी 2022 को सेवाकाल के दौरान उनका निधन हो गया था. इसके बाद आदित्य कुमार ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिए आवेदन किया था.
13 जुलाई तक देना होगा योगदान
जिला प्रशासन ने नियुक्ति पत्र में स्पष्ट किया है कि आदित्य कुमार को 13 जुलाई 2026 तक जिला स्थापना शाखा, कटिहार में योगदान देना होगा. निर्धारित तिथि तक योगदान नहीं देने पर नियुक्ति स्वतः रद्द मानी जाएगी. योगदान के समय मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना भी अनिवार्य होगा.
भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभाने का होगा शपथ पत्र
नियुक्ति की शर्तों के अनुसार आदित्य कुमार को शपथ पत्र देना होगा कि वह अपने स्वर्गीय पिता के सभी आश्रितों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभाएंगे. साथ ही भविष्य में किसी भी प्रमाण-पत्र के फर्जी पाए जाने पर उनकी नियुक्ति रद्द कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें : जनता दरबार में तीन भूमि विवादों का ऑन द स्पॉट निपटारा, फरियादियों को मिली राहत
