समय पर इलाज से बची जान कटिहार. गर्मी की छुट्टी मनाने नाना-नानी के घर पहुंचे एक पांच वर्षीय मासूम को जहरीले सांप ने डस लिया. हालांकि, परिजनों की सूझबूझ और समय पर इलाज मिलने से बच्चे की जान बच गयी. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देवकीपुर गांव की है. जानकारी के अनुसार, विजय ऋषि का पांच वर्षीय पुत्र विवेक कुमार गर्मी की छुट्टियां बिताने अपने नाना-नानी के घर आया था. शनिवार सुबह वह घर के पास खेल रहा था. तभी एक जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया. सांप का हमला इतना तेज था कि उसका एक जहरीला दांत बच्चे के पैर में ही फंस गया. बच्चे के चीखने-चिल्लाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और देखा कि उसे सांप ने डस लिया है. परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया. बिना समय गंवाए बच्चे को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल पहुंचने तक बच्चे की हालत गंभीर हो चुकी थी. चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और आवश्यक दवाएं देकर उसकी स्थिति को नियंत्रित किया. डॉक्टरों के अनुसार यदि अस्पताल पहुंचने में थोड़ी भी देरी होती तो बच्चे की जान बचाना मुश्किल हो सकता था. फिलहाल, विवेक कुमार खतरे से बाहर बताया जा रहा है. चिकित्सकों ने कहा कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए. स्थानीय लोगों ने भी परिजनों की तत्परता की सराहना की. जिसकी वजह से मासूम की जान बच सकी.
नानी के घर छुट्टी मनाने पहुंचे मासूम को जहरीले सांप ने डसा
गर्मी की छुट्टी मनाने नाना-नानी के घर पहुंचे एक पांच वर्षीय मासूम को जहरीले सांप ने डस लिया. हालांकि, परिजनों की सूझबूझ और समय पर इलाज मिलने से बच्चे की जान बच गयी.
