– एसपी के संज्ञान के बाद हड़कंप, चौकीदार की गैरमौजूदगी में बेटा संभाल रहा था काम जेल भेजने की तैयारी कोढ़ा कोढ़ा थाना में एक गंभीर व चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर अवैध रूप से राशि मांगने के आरोप में चौकीदार के पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामला उजागर होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोढ़ा थाना में पदस्थापित चौकीदार संख्या 14/8 गणपति पासवान की गैर मौजूदगी में उनका पुत्र कौशल कुमार कथित रूप से चौकीदार का कार्य संभाल रहा था. इसी दौरान उस पर पासपोर्ट वेरिफिकेशन के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगा. मामले को लेकर आवेदन के साथ-साथ ऑडियो साक्ष्य भी सामने आये. जिस पर एसपी शिखर चौधरी ने गंभीरता से संज्ञान लिया. इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, कटिहार को मामले की जांच का निर्देश दिया. जांच के क्रम में यह स्पष्ट हुआ कि कौशल कुमार द्वारा वास्तव में पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर अवैध रूप से पैसे की मांग की थी. आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने कोढ़ा थाना कांड संख्या 16/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. सूत्रों के अनुसार, आरोपित की गिरफ्तारी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है. इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. यह मामला न सिर्फ पुलिस व्यवस्था की गंभीर खामी को उजागर करता है, बल्कि यह भी सवाल खड़े करता है कि किस तरह बिना अधिकार के कोई व्यक्ति थाने से जुड़ा कार्य कर रहा था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
