DCLR Posting: बारसोई (कटिहार). बारसोई अनुमंडल के राजस्व प्रशासन को नया नेतृत्व मिल गया है. मांकेश्वर कुमार ने भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) के रूप में पदभार ग्रहण किया. इससे पहले वे बेगूसराय जिले के तेघड़ा में डीसीएलआर के पद पर कार्यरत थे. उनके पदभार ग्रहण करने से अनुमंडल में लंबित भूमि मामलों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
त्वरित और पारदर्शी प्रशासन होगा प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद डीसीएलआर मांकेश्वर कुमार ने कहा कि आम लोगों को त्वरित, पारदर्शी और न्यायपूर्ण प्रशासन उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जायेगा.
भूमि मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर
उन्होंने बताया कि भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी तथा अन्य राजस्व मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. सभी मामलों की नियमित समीक्षा कर लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जायेगा.
अधिकारियों और कर्मियों को दिए निर्देश
नए डीसीएलआर ने अधिकारियों एवं कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए नियमानुसार शीघ्र समाधान किया जाए.
जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस
मांकेश्वर कुमार ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ धरातल पर उतारना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जायेगा.
लोगों को बेहतर व्यवस्था की उम्मीद
DCLR Posting: बारसोई अनुमंडल के लोगों ने नए डीसीएलआर के पदभार ग्रहण का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में भूमि संबंधी मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और आम लोगों को राजस्व कार्यालयों में बेहतर सेवा मिलेगी.
