बघवा से दरियापुर तटबंध जर्जर, बाढ़ से पहले मरम्मत की मांग

कटिहार का बघवा से दरियापुर तटबंध बुरी तरह जर्जर हो चुका है. जगह-जगह तीन फीट तक कटाव ने आवागमन मुश्किल कर दिया है. ग्रामीणों को बाढ़ का डर सता रहा है और वे तत्काल मरम्मत की मांग कर रहे हैं.

कटिहार : कोसी के बघवा से दरियापुर तक जाने वाला तटबंध पूरी तरह जर्जर हो चुका है. जगह-जगह कटाव होने से आवागमन मुश्किल हो गया है. बरसात और संभावित बाढ़ को देखते हुए ग्रामीणों में तटबंध टूटने की आशंका बढ़ गई है. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ पूर्व इसकी तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.

कई जगह तीन फीट तक कटाव, आवागमन भी प्रभावित

चनदहर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह अधिवक्ता रागिब शजर ने बताया कि बघवा से दरियापुर तक तटबंध कई स्थानों पर करीब तीन फीट तक कट चुका है. स्थिति ऐसी है कि बाइक से गुजरना भी मुश्किल हो गया है, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. तटबंध के सहारे ही आसपास के दर्जनों गांवों के लोग आवागमन करते हैं.

बाढ़ से पहले मरम्मत नहीं हुई तो बढ़ सकता है खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि कोसी में जलस्तर बढ़ने पर तटबंध पर अत्यधिक दबाव पड़ता है. यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो बाढ़ के दौरान तटबंध टूटने से बड़े इलाके में नुकसान हो सकता है. किसानों को खेत तक पहुंचने, बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में पहले से ही कठिनाई हो रही है.

रागिब शजर ने बाढ़ नियंत्रण विभाग से तटबंध का तत्काल निरीक्षण कर फ्लड फाइटिंग योजना के तहत कटावग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, ऊंचाई बढ़ाने और मजबूतीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष मरम्मत का आश्वासन मिलता है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं होता. उन्होंने जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर तटबंध को सुरक्षित बनाने की मांग की है.

और पढ़ें : डीएस कॉलेज में 15 जुलाई से शुरू होगा सात दिवसीय ‘आपदा युवा मित्र’ प्रशिक्षण


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: राजकिशोर

Published by: Shruti Kumari

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >