गोरखनाथ धाम में श्रावणी मेले की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की समीक्षा

कटिहार के बाबा गोरखनाथ धाम में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की. जिला प्रशासन ने लाखों कांवड़ियों के आगमन को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं.

कटिहार के बलिया बेलौन से तबस्सुम यजदानी की रिपोर्ट

श्रावणी मेला 2026 : आगामी श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर बुधवार की शाम बाबा गोरखनाथ धाम परिसर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने की. इस दौरान मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

लाखों कांवड़ियों के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट

श्रावण मास में मनिहारी गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िया पैदल यात्रा करते हुए बाबा गोरखनाथ धाम पहुंचते हैं और जलाभिषेक करते हैं. इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है.

मंदिर समिति ने रखीं प्रमुख मांगें

बैठक में मंदिर समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. समिति ने प्रशासन से निम्नलिखित व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की मांग की.

  1. शुद्ध पेयजल की व्यवस्था.
  2. स्वास्थ्य शिविर की सुविधा.
  3. साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था.
  4. पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था.
  5. अस्थायी शौचालयों की उपलब्धता.
  6. पार्किंग की समुचित व्यवस्था.
  7. यातायात नियंत्रण.
  8. सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना.

समिति के सचिव पिंटू यादव ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी से लेकर अंतिम सोमवारी और श्रावण पूर्णिमा तक की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं.

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और प्रशासन इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

वहीं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर समाहर्ता विनोद कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बारसोई राजू कुमार, डीसीएलआर बारसोई, बीडीओ आजमनगर सरोज कुमार, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे.

और पढ़ें : सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो डालना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >