फलका(कटिहार) : फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा गांव में मंगलवार को गांव के ही मांगन साह के 16 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ मोनू की प्रेम प्रसंग में अपराधियों ने गला दबा कर हत्या कर दी. वहीं लाश को बीच मोरसंडा चौराहा पर फेंक दिया. सुबह जब राहगीर ने लाश को देखा तो परिजनों व पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाते ही फलका थाना अध्यक्ष मोहन कुमार सिंह
मौके पर पहुंचे व मामले की तहकीकात कर पोस्टमार्टम के लिए लाश उठाने की कोशिश की. परंतु ग्रामीण व परिजन आक्रोशित हो गये तथा मोरसंडा गिरियामा सड़क पर बीच चौराहे पर शव रख सड़क जाम कर दिया. घटना के विरुद्ध लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा सड़क पर टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोग आरोपी को पहचान कर अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे.
तत्पश्चात डीएसपी लाल बाबू यादव, एसडीओ सुभाष नारायण, कोढ़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार, कुरसेला थाना अध्यक्ष अनोज कुमार, पोठिया ओपी अध्यक्ष अनुपम कुमार, बरारी थाना अध्यक्ष, सेमापुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझाते हुए विशेष डॉग (कुत्ता) लाकर घटनास्थल व गांव के ही शाबीर के घर पर भी पर सघन जांच की. इसमें अभियुक्त की पहचान की गयी. एसडीपीओ लाल बाबू ने बताया कि छात्र अभिषेक की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई है.
पांच घटे बाद टूटा जाम
डीएसपी लाल बाबू यादव तथा एसडीओ सुभाष नारायण ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत किया. तब जाकर पांच घंटा के बाद सड़क का जाम तोड़ा गया. वहीं पदाधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. मृतक का पिता टमटम चला कर जिंदगी गुजर-बसर करता है. मृतक को तीन भाई व एक बहन है. मां मीरा देवी, बहन रेखा देवी का रो-रो कर बुरा हाल था. वहीं ग्रामीणों व परिजनों का कहना है कि माेनू का गांव के ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग था.
सात लोगों पर नामजद प्राथमिकी
परिजनों के आवेदन पर फलका थाना में प्रेमिका सहित बहन, पिता सहित सात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है. मृतक के पिता मांगन साह के फर्द बयान पर फलका थाना कांड संख्या 25-16 के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, फलका थाना अध्यक्ष मोहन कुमार सिंह ने बताया कि सर्वप्रथम यह घटना प्रेस प्रसंग में अंजाम दिया गया है. दोषी की अविलंब गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
