कालीबाड़ी रोड में पिछले एक सप्ताह से खुलेआम बालू, गिट्टी गिरा कर छोड़ दिया गया है. इससे आधा से अधिक रोड बाधित हो गया. परिणाम स्वरूप पूरे दिन यहां जाम की स्थिति बनी रहती है
कटिहार : शहर में इन दिनों बिल्डर व स्थानीय लोगों के द्वारा सड़क पर ही भवन निर्माण की सामग्री रख कर बड़े-बड़े अलिशान भवन का निर्माण कर रहे हैं. जिसके कारण हमेशा लोगों को जाम की समस्या से परेशान होना पड़ रहा है.
ऐसा ही कारनामा कालीबाड़ी रोड में पिछले एक सप्ताह से देखने को मिल रहा है. खुलेआम बालू, गिट्टी गिराकर छोड़ दिया गया है. इससे आधा से अधिक रोड बाधित हो गया. परिणाम स्वरूप पूरे दिन यहां जाम की स्थिति लगी रहती है. सोमवार को तो हालत यह हो कि हर पांच मिनट पर जाम की समस्या लगती रही. इसमें स्थानीय लोगों के अलावा प्रशासनिक पदाधिकारी व जनप्रतिनिध भी फंसते रहे. लेकिन किसी ने कार्रवाई करने का साहस नहीं किया.
गौरतलब हो कि शहर में सड़क को ही अतिक्रमण कर ईंट, गिट्टी, बालू रख देते हैं. निगम प्रशासन की ओर से नोटिस करने के बाद भी इनके कानों पर जूं तक नहीं रेंग रहा है और आज भी सड़क पर भवन निर्माण की सामग्री रखी हुई. मसलन राहगीर गिट्टी और बालू पर फिसल-फिसल कर अपने गंतव्य पहुंच रहे हैं. फिसलन के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है.वहीं इन भवन निर्माण सामग्रियों को सड़क पर रखे जाने से लंबी जाम भी प्रत्येक दिन लग रहा है. उपरोक्त बातों से ऐसा लग रहा है अतिक्रमण हटाने में निगम प्रशासन फेल हो रहा है.
अतिक्रमण का सिलसिला कई वर्षों से जारी : शहर के मुख्य चौक-चौराहों और सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री रख कर अतिक्रमण करने का सिलसिला कई वर्षों से जारी है. लोग बेखौफ होकर इन सामग्रियों को रख देते हैं. अगर इस मसले पर कोई लोग विरोध करता है तो संबंधित लोग उनको धमकी भी देते हैं. यदि इस मसले पर निगम प्रशासन ने सख्ती नहीं बरती तो शहर वासियों को आये दिन इन समस्याओं से रूबरू होना पड़ेगा.
मैदान तक अतिक्रमण का शिकार : श्रम कल्याण केंद्र मैदान भी अतिक्रमण से अछूता नहीं रह गया है. पिछले दिनों चल रहे सड़क निर्माण के कार्य में प्रयोग आने वाले ईंट, गिट्टी, बालू ठेकेदार द्वारा रख दिया गया था. वर्तमान में विद्युत विभाग का पोल गिरा कर अतिक्रमण कर दिया गया है. जिसके कारण खिलाड़ियों को खेलने में भारी कठिनाई होती है.
क्या कहते हैं मेयर
नगर निगम के मेयर विजय सिंह ने बताया कि सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है. जिसको नोटिस दिया जायेगा. नोटिस का तामिला नहीं होने पर कार्रवाई की जायेगी.
