सीएम की शराब बंदी मुहिम में समाज के समर्थन की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि शराब की वजह से समाज को सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है
कटिहार : जदयू चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष व जाने-माने सर्जन डॉ नरेश झा ने शराब बंदी को लेकर समाज को आगे आने की अपील की है. सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में डॉ झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सात निश्चयों में से एक निश्चय शराब बंदी को लेकर अपनी प्रतिबद्धता पूरी की है. उन्होंने सीएम के शराब बंदी मुहिम में समाज के समर्थन की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि शराब की वजह से समाज को सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है.
शराब बंदी का फैसला पूरी तरह से सरकार की साहसिक कदम है. इस मुहिम में जब तक समाज का व्यापक समर्थन नहीं मिलेगा, तब तक सरकार का अभियान सफल नहीं हो पायेगा. सरकार ने कई स्तरों पर बिहार को शराब मुक्त बनाने के लिए पहल शुरू की है. इस पहल में सहयोग के लिए समाज को आगे आना होगा. उन्होंने तथ्यों का हवाला देते हुए कहा है कि शराब से सर्वाधिक नुकसान गरीब, मजदूर व वंचित समाज को होता है. जिसकी आबादी सर्वाधिक है. शराब लोगों के मानसिक, शारीरिक व उसके स्वास्थ्य पर सीधे चोट करता है.
