रंगदारी नहीं देने पर व्यवसायी की हत्या

मनिया रेल फाटक के पास घात लगाये अपराधियों ने मारी गोली प्राणपुर स्थित प्लाइवुड की दुकान बंद कर व्यवसायी कटिहार स्थित घर लौट रहे थे घटनास्थल पर ही व्यवसायी की हो गयी मौत जल्द गिरफ्तार होंगे अपराधी : एसडीपीओ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विमल सिंह वेगानी ने कहा, हत्या के विरोध में होगा प्रदर्शन […]

मनिया रेल फाटक के पास घात लगाये अपराधियों ने मारी गोली

प्राणपुर स्थित प्लाइवुड की दुकान बंद कर व्यवसायी कटिहार स्थित घर लौट रहे थे
घटनास्थल पर ही व्यवसायी की हो गयी मौत
जल्द गिरफ्तार होंगे अपराधी : एसडीपीओ
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विमल सिंह वेगानी ने कहा, हत्या के विरोध में होगा प्रदर्शन
मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग
कटिहार : रंगदारी नहीं देने पर प्लाइवुड व्यवसायी लखन अग्रवाल (45) की बुधवार शाम आठ बजे अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. व्यवसायी प्राणपुर स्थित लाभा से अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर कटिहार लौट रहे थे. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मनिया रेल फाटक के पास पहले से घात लगाये आधा दर्जन अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी.
उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ लाल बाबू यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को जब्त कर सदर अस्पताल भेज दिया. व्यवसायी को दो गोली लगी है. एक सिर में और दूसरी पीठ पर. आशंका जतायी जा रही है कि अपराधी लाभा से ही लखन का पीछा कर रहे थे. मनिया रेल फाटक के पास सन्नाटा मिलते ही नजदीक आकर गोली मार दी और फरार हो गये.
हर दिन बाइक से उसी रास्ते से जाते थे
अस्पताल में व्यवसायी के परिजनों ने रोते हुए कहा कि अपराधी कई दिनों से रंगदारी की मांग कर रहे थे. रंगदारी नहीं देने के कारण ही अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है. हालांकि पुलिस को रंगदारी मांगने संबंधी कोई सूचना नहीं दी गयी थी. व्यवसायी का शव जैसे ही अस्पताल पहुंचा तो परिजनों व शुभचिंतकों की भीड़ जमा हो गयी.
परिजनों की चीत्कार से हर किसी की आंखें नम हो गयी. लखन का एक घर लाभा के महादेवपुर में है तो दूसरा कटिहार शहर के बड़ा बाजार में है. हर दिन वे लाभा में दुकान बंद करने के बाद कटिहार स्थित अपने घर बाइक से आते थे.
संभवत: अपराधियों ने भी इसी का फायदा उठाया होगा. लखन के बड़े भाई जीवन प्रसाद अग्रवाल शहर के जाने-माने
अधिवक्ता हैं.
अस्पताल में पुिलस का हुआ विरोध
घटना की जानकारी मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे एसपी सिद्धार्थ मोहन जैन को व्यवसायी के परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा. वहीं अस्पताल में मौजूद व्यवसायियों ने पुलिस के खिलाफ जम कर भड़ास निकाली. व्यवसायियों का कहना था कि इसके पहले भी एक शराब व्यवसायी की हत्या अपराधियों ने की.
आये दिन व्यवसायी से रंगदारी की मांग की जाती थी. डेढ़ माह पूर्व भी एक सोना-चांदी व्यवसायी से रंगदारी की मांग की गयी थी. हालांकि एसपी ने परिजनों व व्यवसायी को अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत कराया.
जल्द हो िगरफ्तारी : चेंबर
व्यवसायी की हत्या पर चेंबर ऑफ काॅमर्स में दुख जताते हुए कहा कि कटिहार में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है. पुलिस अपराध रोकने में पूरी तरह विफल है. चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विमल सिंह वेगानी सहित कई व्यवसायियों ने हत्या की घटना में आक्रोश प्रकट किया. व्यवसायियों ने कहा कि इस मामले का उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाये तथा मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाये. यदि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो चैंबर सड़क पर उतरने को बाध्य होगा.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही व्यवसायी के मोबाइल के कॉल डिटेल की जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी शीघ्र होगी. रंगदारी मांगे जाने के मामले की भी जांच होगी.लाल बाबू यादव, एसडीपीओ
इस मामले की मैं खुद मॉनीटरिंग करूंगा. अपराधी हर हाल में गिरफ्तार होंगे.
सिद्धार्थ मोहन जैन, एसपी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >