नगर निगम प्रशासन पुलिस-प्रशासन की ओर से नहीं हो रही
कोई कार्रवाई
जाम से रहगीर हो रहे परेशान, लेकिन आवाज उठाने का नहीं कर पा
रहे साहस
कटिहार : शहर की सड़कें पहले से संकरी है ऊपर से सड़क पर ही बालू, गिट्टी रखकर भवन बनाने का काम होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर वाहन चालकों को जाम में फंसकर परेशान होना पड़ रहा है. यही नहीं कई स्थानों पर तो स्थायी रूप से सड़क पर महीनों तक बालू, गिट्टी रखकर छोड़ दिया जाता है. मानो सड़क उनकी निजी जमीन है. इससे वहां के स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों को घोर परेशानी उठानी पड़ रही है.
सड़क पर भवन निर्माण की सामग्री रखने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन, पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. स्थानीय लोग भी विरोध करने से कतराते हैं, क्योंकि जिन्हें कार्रवाई करने का कानूनी अधिकार है वे हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं.
प्रभात खबर ने मंगलवार को शहर के कई सड़कों का जायजा लिया और जानने का प्रयास किया कि सड़कों पर भवन निर्माण की सामग्री रखे जाने से आवागमन में किस प्रकार परेशानी होती है. जायजा लेने के क्रम में पाया गया कि गली-कूचे ही नहीं बल्कि शहर के प्रमुख सड़कों पर भी भवन निर्माण की सामग्री खुले आम रखा जा रहा है. जिसे रोकने टोकने वाला कोई नहीं है. भले ही इससे लोग परेशान हों, जाम लगे, बालू के फिसलन से लोग गिरकर जख्मी हों, पर कोई भी बोलने का साहस नहीं कर रहा है.
