पकड़ा गया आरोपित नशे में धुत था, दूसरा फरार
कटिहार : नगर थाना क्षेत्र के बनियाटोला चौक समीप अपनी दुकान के समीप खड़े चेंबर अध्यक्ष पर दो लोगों ने पिस्टल तान दिया. घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष पुलिस दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गये. घटना स्थल से फरार हो रहे दो आरोपितों में से एक को पुलिस ने दबोच लिया. दूसरा आरोपित जिसके हाथ में पिस्टल था, वह फरार हो गया. नगर थाना पुलिस गिरफ्त में आये आरोपित से पूछताछ कर रही थी. नार्थ इस्टर्न बिहार चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद विमल सिंह बेगानी बनिया टोला चौक समीप अपनी दुकान के समीप खड़े थे.
उसी क्रम में बाइक पर सवार दो लोग आये और चेंबर अध्यक्ष पर पिस्टल तान दिया. आरोपित पिस्टल चलाने वाला ही था कि उसके साथ आये दूसरे युवक ने उसका पिस्टल वाला हाथ ऊपर कर दिया. इस बीच दोनों में कुछ देर बहस हुई. इधर चेंबर अध्यक्ष ने किसी प्रकार घटना की सूचना नगर थानाध्यक्ष को दी. जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदू घटनास्थल पर पहुंचे. गिरफ्तार आरोपित की पहचान किशोर गुप्ता एक नंबर कॉलोनी निवासी के रूप में की गयी. घटना बाबत नगर थाना में चेंबर अध्यक्ष ने लिखित शिकायत दी है. नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित शराब के नशे में धुत था. आरोपित का मेडिकल भी कराया गया. इसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध अधिनियम के धारा के साथ-साथ लिखित बयान के आधार पर अन्य सुसंगित धाराओं के तहत कार्रवाई करेगी.
