बाढ़ . जिले की सभी नदियों के जल स्तर में वृद्धि जारी
यही स्थिति रही तो अगले 12 घंटे के बाद सभी नदियां लाल निशान को पार कर जायेंगी : कटिहार
जिले के सभी नदियों के जल स्तर में शुक्रवार को भी वृद्धि दर्ज की गयी है. इन सभी नदी का जल स्तर खतरे के निशान छूने को आतुर है. पर कई क्षेत्रों में पानी का दबाव बढ़ गया है. साथ ही कटाव का खतरा बढ़ गया है. जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से जल स्तर में और वृद्धि होने की संभावना है. अगर यही स्थिति रही तो अगले 12 घंटे के बाद सभी नदी लाल निशान को पार कर जायेगी. फिलहाल गंगा एवं महानंदा नदी चेतावनी स्तर को पार कर चुकी है. बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अनुसार जिले के महानंदा, गंगा, कोसी, कारी कोसी व बरंडी नदी के जल स्तर में शुक्रवार को भी वृद्धि दर्ज की गयी है. पिछले कुछ दिनों से
नदियों के बढ़ते जल स्तर की वजह से विभिन्न क्षेत्रों में कटाव का खतरा मंडराने लगा है. बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल काढ़ागोला के अंतर्गत स्पर संख्या 8 व 9 पर कटाव का खतरा अब भी बरकरार है. स्पर संख्या 9 के रिवरएज पर भूक्षरण जारी है. इस स्पर के अप स्ट्रीम पर पानी का अत्यधिक दबाव अब भी बना हुआ है. बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं अध्यक्ष बाढ़ संघर्षात्मक दल के निर्देश पर स्पर को बचाने के लिए संघर्षात्मक कार्य जोर शोर से किया जा रहा है. गंगा नदी के जल स्तर में फिर से वृद्धि होने की वजह से दोनों स्पर के बीच में पानी का अत्यधिक दबाव बना हुआ है. बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल ने स्पर के सुरक्षित होने का दावा किया है.
नदियों का जल स्तर : गंगा,बरंडी, कारी कोसी व कोसी नदी के जल स्तर में शुक्रवार को पाचवें दिन भी वृद्धि दर्ज की गयी. गंगा नदी के रामायणपुर में गुरुवार की शाम 26.9 मीटर दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की सवेरे बढ़कर 26.15 मीटर हो गया. इसी नदी के काढ़ागोला घाट पर जल स्तर 29.65 मीटर दर्ज किया गया था,जो बढ़कर 12 घंटे बाद शुक्रवार की सुबह 29.74 मीटर हो गया. बरंडी नदी का जल स्तर एन एच-31 के डूमर पर गुरुवार की शाम 29.64 मीटर दर्ज किया गया. जबकि शुक्रवार की सवेरे बढ़कर 29.70 मीटर हो गया. कारी कोसी नदी के चेन संख्या 389 पर गुरुवार की शाम जल स्तर 27.14 मीटर था. यहां का जल स्तर शुक्रवार की सवेरे 26.25 मीटर हो गया. कोसी का जल स्तर कुरसेला रेलवे ब्रिज पर गुरुवार की शाम 29.40 मीटर था. शुक्रवार की सवेरे यहां का जल स्तर बढ़कर 29.45 मीटर हो गया.
